Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

हमीरपुर जिला में चार दिनों में लगभग डेढ़ हजार लोगों ने जीती कोरोना से जंग

कोरोना से जीती जंग

प्रजासत्ता|हमीरपुर
मुझे और मेरी पत्नी को दी गई सर्वोत्तम संभव सेवाओं और देखभाल के लिए मैं आपका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मैं अपनी पत्नी को गंभीर स्थिति में यहां अस्पताल लाया था। उसका ऑक्सीजन स्तर 66 तक गिर गया था और उसे तत्काल देखभाल और चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। ऐसे में यहां के सक्षम और कुशल डॉक्टरों द्वारा हमीरपुर के दोनों कोविड केंद्रों में हमारी बेहतर देखभाल की गई। अब हमने कोरोना से जंग जीत ली है और अपने घर वापस जा रहे हैं।
यह उद्गार नादौन क्षेत्र के एक सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के हैं, जो उन्होंने वर्चुअल मैसेज के माध्यम से जिला कोविड स्वास्थ्य केंद्र एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर की टीम को प्रेषित किए हैं।

उनका कहना है कि हमें जो सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता और देखभाल यहां प्रदान की गई, उसके कारण ही अपने घर वापस जा रहे हैं। सभी डॉक्टर हम पर बहुत मेहरबान रहे हैं और स्टाफ भी बहुत सहायक था। डॉक्टरों द्वारा बार-बार हमें विश्वास और आश्वासन दिया जाता रहा कि वे हर समय हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर बेहतरीन चिकित्सा सुविधाओं और कुशल डॉक्टरों से लैस है। अंत में उन्होंने लिखा “मैं आप सभी को सलाम करता हूँ।”

गौर रहे कि पूरे प्रदेश सहित हमीरपुर जिला में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर काफी बेहतर है। यहां आयुर्वेद अस्पताल में स्थापित जिला कोविड स्वास्थ्य केंद्र में संक्रमितों के उपचार के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी ऑक्सीजन प्लांट सहित एक अलग वार्ड गंभीर कोविड रोगियों के लिए स्थापित किया गया है। होम आइसोलेशन में भी संक्रमित व्यक्तियों की देखभाल एवं उनसे सम्पर्क स्थापित करने की उचित व्यवस्था है।

लगातार चार दिनों में तीन सौ से अधिक हुए स्वस्थ
डीसीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि सभी के सम्मिलित प्रयासों का ही परिणाम है कि कोविड सुविधा केंद्रों में अधिकांश मरीज ठीक हो रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. अग्निहोत्री ने बताया कि गत चार दिनों से कोरोना को मात देने वालों की संख्या प्रतिदिन तीन सौ से अधिक रही है। जिला में 13 मई को 369, 14 मई को 368, 15 मई को 320 तथा 16 मई को भी 320 लोगों ने कोरोना को हराया है। इस अवधि में 1377 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे घबराएं नहीं और मनोबल बनाए रखें।

Aaj Ki KhabrenHamirpur district newsHamirpur Himachal updateHamirpur HP newshamirpur latest newshamirpur newshamirpur news todayHamirpur samachar

Join WhatsApp

Join Now