Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Glowing Skin Tips: सर्दियों में खो गई चेहरे की चमक? तो अपनाएं शहनाज़ हुसैन ने बताए ये खास सीक्रेट टिप्स..!

Published on: 21 January 2026
Glowing Skin Tips: सर्दियों में खो गई चेहरे की चमक? तो अपनाएं शहनाज़ हुसैन ने बताए ये खास सीक्रेट टिप्स..!

Home Remedy For Glowing Skin Tips : आजकल तापमान में गिरावट के साथ ही हवा में ठंडक बढ़ रही है, जिसकी वजह से त्वचा शुष्क, बेजान तथा निर्जीव-सी दिखने लगती है। ठंडक आपकी प्रतिरोधक क्षमता के साथ-साथ आपकी त्वचा तथा बालों पर भी असर करती है। ऐसे में या तो आप लोशन, क्रीम, मॉइस्चराइज़र बार-बार लगाते रहें या फिर आप प्राकृतिक तरीकों से अपने शरीर की आंतरिक प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करें, जिससे आप प्राकृतिक तौर पर सुंदर दिखेंगी तथा मौसम का मिज़ाज आपकी त्वचा और बालों को प्रभावित नहीं कर सकेगा।

सर्दियों के मौसम में प्रकृति हमें पालक, सरसों का साग, मेथी, बथूआ, हरे पत्तों का सलाद सहित ऐसी हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ प्रदान करती है, जिनके सेवन से हमारी त्वचा मौसम की मार को आसानी से झेल सकती है। इन हरी सब्ज़ियों में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, मिनरल तथा अन्य पौष्टिक तत्व विद्यमान होते हैं, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सुंदरता को भी निखारते हैं।

गाजर:
सर्दियों में बाज़ार में लाल रंग की गाजर सामान्यतः मिलती है, जबकि बाकी सीज़न में नारंगी रंग की गाजर देखने को मिलती है। गाजर विटामिन-सी से भरपूर होती है, जिससे शरीर में कॉलाजन की उत्पत्ति होती है, जो त्वचा को कोमल, मुलायम तथा लचीला बनाती है। गाजर में विद्यमान विटामिन-ए चेहरे पर झुर्रियाँ रोकने में मदद करता है। गाजर को फेस मास्क के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। गाजर को पानी में उबालकर ठंडा होने दें तथा ठंडा होने पर इसे मसलकर बनी लुगदी को चेहरे पर लगाएँ। थोड़ी देर बाद चेहरे को साफ ताज़े पानी से धो डालें। इससे चेहरे की प्राकृतिक आभा में निखार आएगा। इसके नियमित प्रयोग से कील-मुहांसों तथा काले धब्बों से निजात मिलेगी।

खीरा:
खीरे में सौंदर्य मिनरल “सीलिका” विद्यमान होता है, जिसकी वजह से त्वचा की रंगत में निखार आता है तथा त्वचा कोमल व मुलायम हो जाती है। खीरा प्राकृतिक टोनर होता है। तैलीय त्वचा के लिए आप खीरे के रस को सीधे त्वचा पर लगाकर 15 मिनट बाद साफ पानी से धो डालें। खीरे के रस तथा गुलाब जल को मिलाकर बने मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 15 मिनट बाद पानी से धो डालें। खीरे के गाढ़े गूदे में दो चम्मच गुलाब जल डालकर ब्लेंड कर लें तथा इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 30 मिनट बाद ताज़े साफ पानी से धो डालें।

खीरा एस्ट्रिन्जेंट होता है तथा टोनिंग और रिफ्रेशिंग के अलावा यह त्वचा के छिद्रों को बंद करता है और तैलीयपन को कम करता है। खीरे को कद्दूकस करके या खीरे के रस को आँखों के इर्द-गिर्द लगाने से डार्क सर्कल कम होते हैं और त्वचा की रंगत में निखार आता है। खीरा खाने से आपकी स्किन हाइड्रेट रहती है। खीरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट के कारण त्वचा पर झुर्रियाँ और स्किन रेडनेस की समस्या से भी राहत मिलती है।

पालक:
पालक सेहत का खजाना माना जाता है। इसका जादुई असर खाने और लगाने दोनों से मिलता है। पालक में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन-ए, विटामिन-सी और विटामिन-के विद्यमान होते हैं। इसके अतिरिक्त इसमें आयरन, फोलेट और पोटैशियम पाया जाता है।

पालक का फेस मास्क चेहरे की खूबसूरती निखारने में अहम भूमिका अदा करता है। दही और पालक का फेस पैक बनाने के लिए पाँच पत्तों के हिसाब से तीन चम्मच दही लें। इन दोनों चीज़ों को मिक्सर में ग्राइंड कर लें। पालक का पेस्ट बनाकर भी दही में मिक्स कर सकते हैं। इस पेस्ट को कम से कम 10 मिनट तक चेहरे पर लगाकर रखें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। इससे चेहरे का पिगमेंटेशन धीरे-धीरे कम होगा और त्वचा में ताज़गी व निखार आएगा।

पालक का दूसरा फेस मास्क बनाने के लिए पालक की 10–15 पत्तियाँ, 1–2 बड़े चम्मच बेसन, 2–3 बड़े चम्मच दूध और 1 चम्मच शहद लें। पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी-गंदगी साफ हो सके। अब पालक को मिक्सर में पीसकर फाइन पेस्ट तैयार करें। काँच के कटोरे में पालक का पेस्ट डालें और उसमें दूध, शहद व बेसन मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस फेस पैक को चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह लगाएँ और सूखने के बाद साफ ताज़े पानी से धो लें। इस पैक को हफ्ते में एक बार इस्तेमाल करने से चेहरे की रंगत में निखार आएगा और त्वचा कोमल व मुलायम बनेगी।

फेस मास्क के अलावा पालक का जूस भी सुंदरता निखारने में अहम भूमिका निभाता है। पालक का जूस बनाने के लिए 2 कप पालक लें। इसके साथ एक सेब या नाशपाती लें। इसके अलावा नींबू का रस भी डाला जा सकता है। तीन-चौथाई पानी डालकर इन सभी चीज़ों को ब्लेंडर में पीस लें। इसके नियमित सेवन से चेहरे की झाइयाँ दूर होती हैं और त्वचा में प्राकृतिक निखार आता है।

मूलतः फारस (ईरान) में उत्पन्न पालक को त्वचा के लिए अत्यंत उपयोगी माना जाता है। पालक विटामिन-ए, सी, ई और के से भरपूर होता है, जो त्वचा की सेहत और सौंदर्य के लिए लाभकारी है। पालक के सेवन से त्वचा में निखार आता है तथा चेहरे पर काले धब्बे और कालिमा से निजात मिलती है। पालक की ताज़ी पत्तियों को पानी के साथ ब्लेंड कर चेहरे पर 20 मिनट तक लगाएँ और फिर ताज़े साफ पानी से धो लें।

पत्ता गोभी:
सर्दियों में पाई जाने वाली सब्ज़ियों में पत्ता गोभी में फाइबर की मात्रा काफ़ी अधिक होती है। पत्ता गोभी में विद्यमान पौष्टिक तत्वों के सेवन से वज़न कम करने तथा कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद मिलती है, जिससे आप जवाँ-जवाँ दिखती हैं। पत्ता गोभी में मौजूद विटामिन त्वचा को पोषण प्रदान करते हैं। इसमें विद्यमान मिनरल तथा सल्फर तत्व त्वचा को कोमल, लचीला और आकर्षक बनाते हैं। पत्ता गोभी को पानी में उबालकर उस पानी को ठंडा होने दें और इस पानी से त्वचा को साफ करें। पत्ता गोभी के जूस को पके केले की लुगदी और शहद में मिलाकर बने हेयर मास्क को बालों पर लगाएँ और 20 मिनट बाद हल्के शैम्पू से धो डालें।

सलाद:
सर्दियों में सलाद का सेवन प्रचुर मात्रा में करना चाहिए। सलाद में विद्यमान पोटैशियम त्वचा को ऑक्सीजन और पोषण प्रदान करता है, जिससे रक्त संचार नियमित होता है और आप सुंदर दिखने लगती हैं। सलाद में मौजूद विटामिन-ए, सी, के और जिंक बालों की वृद्धि में सहायक होते हैं तथा बालों को असमय सफेद होने से बचाते हैं। सलाद को कच्चा खाना बेहतर होता है, क्योंकि पकाने से इसके पौष्टिक तत्व नष्ट हो सकते हैं।

अगली बार जब भी आप बाज़ार जाएँ, तो इन पौष्टिक सब्ज़ियों की ख़रीदारी ज़रूर करें।

नोट: लेखिका शहनाज़ हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और हर्बल क्वीन के रूप में प्रसिद्ध है।

Aaj Ki Khabrendaily lifestyle guidefashion tips Indiahealthy living Indiahome decor ideasLifestyle lifestyle tips Hindimodern lifestyle IndiaShahnaz Hussain

Join WhatsApp

Join Now