Shimla News: हिमाचल प्रदेश में बच्चियों के प्रति आपराधिक घटाएं बढती ही जा रही है। मंडी जिला के सरकाघाट में हुई घटना ने जहां पुरे देश को हिला कर रख दिया। वहीं राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा करने वाली एक और बड़ी घटना सामने आई है। दरअसल, 21 अप्रैल 2026 की दोपहर को जब एक 15 वर्षीय छात्रा अपने स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक ने उसे अपना निशाना बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने छात्रा पर पत्थरों से हमला किया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाई और घायल छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया और उसकी स्थिति को देखते हुए आवश्यक मेडिकल जांच प्रक्रिया को पूरा किया।
घटना की सूचना मिलते ही संजौली पुलिस थाना हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एफआईआर संख्या 20/2026 दर्ज की है। इस गंभीर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जिनमें 109, 64, 62, 78, 126(2) और 115(2) शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त, इस मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 18 भी जोड़ी गई है, जो मामले की संवेदनशीलता को दर्शाती है। यह कार्रवाई जांच अधिकारी की रुक्का रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए गहन जांच शुरू की और आरोपी की पहचान अक्षय ठाकुर (25), निवासी ढली, शिमला के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
















