Netflix NextGen India Writers Program: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) ने भारत में पहली बार ‘NextGen India Writers’ Program’ लॉन्च किया है। यह पहल उन लोगों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आई है जो कहानी, वेब सीरीज या स्क्रीनप्ले लिखने का शौक रखते हैं।
इस खास प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य देश के नए और उभरते स्क्रीनराइटर्स की पहचान करना, उन्हें सही ट्रेनिंग देना और उनकी अनूठी कहानियों को प्रोफेशनल स्तर तक पहुंचाने में मदद करना है। नेटफ्लिक्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस प्रोग्राम के लिए देश के वे लेखक आवेदन कर सकते हैं जिनके पास 3 साल तक का प्रोफेशनल राइटिंग अनुभव है।

इस पहल के साथ ही भारत अब दुनिया का तीसरा ऐसा देश बन गया है जहां नेटफ्लिक्स ने इस कार्यक्रम की शुरुआत की है। भारत से पहले फ्रांस और नीदरलैंड में इस विशेष राइटर्स प्रोग्राम की मेजबानी की जा चुकी है।इस प्रोग्राम के अंतर्गत शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को 2 महीने के एक हाइब्रिड प्रोग्राम में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
इस समयावधि के दौरान देश और दुनिया के नामचीन इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स द्वारा वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लेखकों को मेंटरशिप और गाइडेंस दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को अपनी कहानी को एक प्रोफेशनल सीरीज बाइबिल (Series Bible) के रूप में तैयार करना भी सिखाया जाएगा, जिससे उसे आगे चलकर एक बेहतरीन वेब सीरीज के रूप में विकसित किया जा सके।
प्रोग्राम के लॉन्च पर बात करते हुए नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट (VP) मोनिका शेरगिल ने कहा कि दुनिया की हर बेहतरीन कहानी की शुरुआत हमेशा एक लेखक से ही होती है। भारत में ऐसे कई प्रतिभाशाली लोग मौजूद हैं, जिनके पास बेहद शानदार और अनोखी कहानियां हैं, लेकिन उन्हें अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सही मंच नहीं मिल सका है। यह प्रोग्राम ऐसे ही नए टैलेंट को पहचानने और उन्हें इंडस्ट्री में आगे बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है।
मोनिका शेरगिल ने आगे कहा कि नेटफ्लिक्स का यह साफ मानना है कि भारतीय मनोरंजन जगत का अगला दौर पूरी तरह से नए नजरिए और बिल्कुल अलग सोच रखने वाले कहानीकारों के दम पर ही आगे बढ़ेगा। नेटफ्लिक्स ने स्पष्ट किया है कि यह नई पहल देश के क्रिएटिव टैलेंट को बढ़ावा देने की उसकी पुरानी और निरंतर चलने वाली स्ट्रेटजी का ही एक अहम हिस्सा है।
कंपनी ने पहले भी कई भारतीय प्रोजेक्ट्स में नए रचनात्मक चेहरों और प्रतिभाओं को मौका दिया है। इनमें मुख्य रूप से ‘The Railway Men’, The Bads of Bollywood और आने वाली बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘Operation Safed Sagar’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, जहां नए क्रिएटिव टैलेंट ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है।
यदि आप भी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाना चाहते हैं और आपके पास स्क्रीनप्ले राइटिंग का अनुभव है, तो आप इस प्रोग्राम के लिए तय समय सीमा में आवेदन कर सकते हैं। नेटफ्लिक्स नेक्स्टजेन इंडिया राइटर्स प्रोग्राम (Netflix NextGen India Writers’ Program) के लिए आधिकारिक तौर पर आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इसके लिए फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 1 सितंबर निर्धारित की गई है।
















