Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 57 श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, मची चीख-पुकार, ड्राइवर-कंडक्टर फरार!

Himachal Road Accident: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एनएच-44 पर अमरनाथ यात्रा से लौट रही 57 श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस पलटने से 17 यात्री घायल, चार की हालत गंभीर।
Published on: 12 July 2026
Amarnath Yatra Bus Accident: अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 57 श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, मची चीख-पुकार, ड्राइवर-कंडक्टर फरार!

Amarnath Yatra Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। अमरनाथ यात्रा से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे के वक्त बस में कुल 57 यात्री सवार थे, जिनमें से 17 श्रद्धालु घायल हो गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना डमटाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-44 पर हुई। लक्ष्मी हॉलीडेज की यह टूरिस्ट बस कटड़ा से देहरादून की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।

बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अर्नी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. विवेक सिंह ने अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और विश्वविद्यालय की एंबुलेंस व मेडिकल टीम को भी मौके पर बुलाया।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी 17 घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदौरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में से चार यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

दुर्घटना के तुरंत बाद टूरिस्ट बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। डमटाल थाना पुलिस ने इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक-परिचालक की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या कोई अन्य कारण हो सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Amarnath Yatra NewsDamtal Policehimachal road accidentIndora HospitalKangra News

Join WhatsApp

Join Now