Kangra News: पर्यटन निगम के अध्यक्ष, नगरोटा बगवां के विधायक एवं जी.एस. बाली बाल मेला समिति के मुख्य संरक्षक आर.एस. बाली ने शुक्रवार को माता ब्रजेश्वरी और माता चामुंडा देवी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर विकासपुरुष जी.एस. बाली बाल मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाल मेला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बाल मेला समिति और समूचे नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों का उत्सव है, जो विकासपुरुष जी.एस. बाली के प्रति जनता के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है।
इस वर्ष आयोजित हो रहा बाल मेले का 24वां संस्करण नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों की सशक्त परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। बाली ने कहा कि बाल मेला समिति और नगरोटा के लोगों के अथक सहयोग और समर्पण से ही हर वर्ष इस आयोजन का सफल संचालन संभव हो पाता है।

शुभारंभ से पूर्व आर.एस. बाली ने अपने परिवार सहित ब्रजेश्वरी माता मंदिर, कांगड़ा तथा माता चामुंडा देवी मंदिर में शीश नवाकर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे ओबीसी भवन पहुंचे, जहां बाल मेले के प्रथम दिन आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, बाल मेला समिति के अध्यक्ष मान सिंह, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विप्लव ठाकुर ने कहा कि विकासपुरुष जी.एस. बाली ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और विकास को समर्पित किया। उन्होंने उस समय नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की बागडोर संभाली, जब इसे पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता था। अपने दूरदर्शी नेतृत्व और विकासात्मक सोच से उन्होंने इस क्षेत्र को प्रदेश के सबसे विकसित और मॉडल विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों और कल्याण के लिए उनके आजीवन संघर्ष ने ही उन्हें ‘विकास पुरुष’ की पहचान दिलाई।
आर.एस. बाली ने कहा कि वे अपने पिता विकासपुरुष जी.एस. बाली के विकास के विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में आज करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास का और भी बड़ा उदाहरण बनेगा। उन्होंने प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और लोगों से भी नगरोटा के विकास मॉडल का अध्ययन कर उसे अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि माता ब्रजेश्वरी, माता चामुंडा देवी और माता नारदा शारदा के आशीर्वाद से ही प्रत्येक वर्ष बाल मेले का सफल आयोजन संभव हो पाता है। उन्होंने प्रदेश और विशेष रूप से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बाल मेले के प्रथम दिन आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 225 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आर.एस. बाली ने स्वयं भी हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है, क्योंकि रक्त के विभिन्न घटकों का उपयोग अलग-अलग मरीजों के उपचार में किया जाता है।” उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया।


















