Kangra News Today: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दु:खद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। उपमंडल बैजनाथ के अंतर्गत पड़ने वाले कुकैना गांव में सोमवार को सीआईएसएफ के एक सेवानिवृत्त एसआई ने कथित तौर पर अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का शव, घटना में इस्तेमाल की गई 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक, सुसाइड नोट और अन्य महत्वपूर्ण जैविक साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुकैना पंचायत के प्रधान ने पुलिस को इस हादसे की सबसे पहली सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि सेवानिवृत्त सीआईएसएफ एसआई सुरेंद्र पाल ने अपने घर के भीतर खुद को गोली मार ली है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे के अंदर सुरेंद्र पाल का शव पड़ा हुआ था। उनके सिर में गोली लगी थी और आसपास भारी मात्रा में खून फैला हुआ था। शव के पास ही उनकी बंदूक और अन्य साक्ष्य मौजूद थे।
मामले की संवेदनशीलता और वैज्ञानिक जांच को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला धर्मशाला की विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीक और वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया तथा सभी महत्वपूर्ण सुरागों को सील कर दिया।
पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी सुभद्रा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति सुरेंद्र पाल काफी लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और इसी वजह से वे गहरे डिप्रेशन से पीड़ित थे। पत्नी ने पुलिस को मृतक सुरेंद्र पाल द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी सौंपा।
सुसाइड नोट में सुरेंद्र पाल ने स्पष्ट रूप से लिखा है कि वह अपनी स्वेच्छा से यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। उन्होंने अपनी मृत्यु के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। इसके अलावा उनकी पत्नी सुभद्रा देवी ने भी इस घटना को लेकर किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है।
कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक, शस्त्र लाइसेंस और रक्त के नमूने जब्त कर लिए हैं। पूरे घटनास्थल की निष्पक्षता से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा भेज दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।


















