Rahul Gandhi PM Face: तमिलनाडु में कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) गठबंधन सरकार के भीतर 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर चल रही तल्खी के बीच एक नया मोड़ आया है। राज्य में कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने सोमवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राहुल गांधी को INDIA ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में स्वीकार कर लिया है।
इसके साथ ही उन्होंने दोनों सत्ताधारी दलों के बीच किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। यह विवाद हाल ही में जारी हुए इंडिया टुडे ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे के बाद शुरू हुआ था। इस सर्वे में प्रधानमंत्री पद की रेस में नरेंद्र मोदी को 48.7 प्रतिशत और राहुल गांधी को 27.1 प्रतिशत लोगों की पसंद बताया गया था, जबकि अभिनेता से नेता बने विजय 9.2 प्रतिशत समर्थन के साथ तीसरे स्थान पर थे।

सर्वे के नतीजे आने के बाद TVK के नेताओं, विशेषकर पीडब्ल्यूडी मंत्री आधव अर्जुन ने मांग उठाई थी कि देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद तमिलनाडु के किसी नेता के पास होना चाहिए और विजय को पीएम उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।
TVK नेताओं के इन बयानों पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई थी। पर्यटन मंत्री एस. राजेश कुमार ने चेतावनी दी थी कि यदि TVK 2029 में राहुल गांधी का समर्थन नहीं करती है, तो कांग्रेस के मंत्री राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे। इस गतिरोध के बीच थाराहाई कुथबर्ट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि विजय को पीएम बनाने की चर्चाएं केवल TVK कार्यकर्ताओं का उत्साह मात्र हैं, जिसे पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विजय स्वयं राहुल गांधी को पीएम चेहरे के रूप में देख रहे हैं।
विधानसभा में अपनी सीट बदले जाने पर उठ रहे सवालों पर भी कोलाचेल से विधायक थाराहाई कुथबर्ट ने स्थिति साफ की। दरअसल, 13 अगस्त को कांग्रेस विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद 31 अगस्त को उन्हें TVK विधायकों के लिए आवंटित स्थान से हटाकर विपक्ष की पहली पंक्ति में सीट दी गई थी। कुथबर्ट ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूरी तरह से एक नियमित प्रक्रिया है, जो फ्लोर लीडर के रूप में उनकी नई संवैधानिक भूमिका के तहत की गई है और इसका राजनीतिक दरार से कोई संबंध नहीं है।
थाराहाई कुथबर्ट ने यह भी रेखांकित किया कि तमिलनाडु में कांग्रेस एक स्वायत्त और स्वतंत्र राजनीतिक दल के रूप में अपना संगठन मजबूत कर रही है और वह TVK की सहायक इकाई के रूप में काम नहीं कर रही है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राजनीतिक घबराहट को दर्शाता है, जो 2029 में राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और उनकी प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं से भयभीत है।


















