Himachal Police Shooting Club: हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब छठी आईआरबीएन धौलाकुआं के चार शूटर्स ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है। उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड हासिल किया।
जानकारी के मुताबिक 50 मीटर थ्री पोजिशन .22 राइफल इवेंट में तीन शूटर्स ने अपनी जगह पक्की की। जूनियर महिला वर्ग में मीनाक्षी शर्मा, यूथ महिला वर्ग में ओजस्वनी सिंह और यूथ पुरुष वर्ग में सूर्यांश कपूर ने शानदार प्रदर्शन के दम पर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, 10 मीटर एयर राइफल के सब-यूथ पुरुष वर्ग में धिव्यांशु ने भी क्वालिफिकेशन हासिल किया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के कोच एवं महासचिव इंस्पेक्टर सुरेश चौहान ने बताया कि चारों शूटर्स ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार कौशल, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं गुणों के दम पर उन्होंने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए आवश्यक क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड हासिल किए हैं।
क्लब के अध्यक्ष एवं छठी आईआरबीएन धौलाकुआं के कमांडेंट भागमल ठाकुर ने चारों युवा शूटर्स और कोच के समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस, शूटिंग क्लब और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
शूटिंग के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। पुलिस शूटिंग क्लब से जुड़े इन युवा शूटर्स की सफलता ने राज्य में शूटिंग खेल को बढ़ावा देने वालों का उत्साह बढ़ाया है। नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में चारों खिलाड़ियों का क्वालिफाई करना क्लब के प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब की ओर से यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि एक ही क्लब से चार शूटर्स ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। सुरेश चौहान के मार्गदर्शन में इन खिलाड़ियों ने लंबे समय तक कठिन अभ्यास किया और अपने लक्ष्य को हासिल किया। अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जहां ये खिलाड़ी हिमाचल का नाम रोशन करने उतरेंगे।


















