Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal News: चार दिन बाद भी लापता बच्ची नायरा का नहीं लगा कोई सुराग, तलाश तेज

Hamirpur Missing Girl Case: हिमाचल के जिला हमीरपुर में साढ़े छह साल की मासूम नायरा के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हैं।
By PNT
Published on: 19 April 2026
Himachal News: चार दिन बाद भी लापता बच्ची नायरा का नहीं लगा कोई सुराग, तलाश तेज

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले बड़सर उपमंडल की कड़साई पंचायत के कलबाड़ा गांव से एक साढ़े छह साल की बच्ची के अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मासूम का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक नायरा के लापता होने की घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे की है। बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी कि तभी वह रहस्यमय परिस्थितियों में ओझल हो गई। स्वजन ने पहले स्वयं बच्ची की तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर बड़सर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के खेतों, जंगलों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दूसरे दिन आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। पुलिस ने ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे इलाके की चप्पे-चप्पे पर निगरानी की, ताकि कहीं कोई सुराग मिल सके। हालांकि, ड्रोन से की गई तलाशी में भी बच्ची का पता नहीं चल पाया। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में तैनात किया गया है।

रविवार को हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बलबीर सिंह ठाकुर ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। एसपी ने बताया कि सोमवार से एसडीआरएफ की दो और अतिरिक्त टीमें सर्च अभियान में शामिल होंगी। पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है और बच्ची को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

बच्ची की मां मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपनी बेटी की सकुशल वापसी के लिए निरंतर प्रार्थना कर रही हैं। पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। कड़साई पंचायत के पूर्व प्रधान रोमी कुमार ने भी स्थानीय जनता से धैर्य रखने और मिलकर प्रयास करने की अपील की है।

एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। इसके अलावा, जानकारी देने के लिए बच्ची के पिता रविंद्र कुमार के मोबाइल नंबर 62303-96169 पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।

Hamirpur district newsHamirpur Himachal updateHamirpur HP newshamirpur latest newshamirpur newshamirpur news todayHamirpur samachar

Join WhatsApp

Join Now