Hamirpur Murder: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भोरंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ेहर गांव में शराब के नशे में धुत्त एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है। बड़ेहर गांव में रहने वाले 65 वर्षीय रत्न चंद और उनके बेटे के बीच किसी घरेलू बात को लेकर अचानक बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी एक बड़े विवाद में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत आरोपी बेटे ने तैश में आकर अपने बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

बेटे के जानलेवा हमले के कारण रत्न चंद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। इस दौरान घर में मची चीख-पुकार को सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थिति को भांपते हुए ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना भोरंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और लहूलुहान हालत में बेसुध पड़े रत्न चंद को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक रत्न चंद का बेटा बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर कार्यरत है। बुधवार की रात वह अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के मुख्य कारणों को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है।
इस हत्याकांड में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए गुरुवार सुबह बिलासपुर से फोरेंसिक साइंस की विशेष टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने बड़ेहर गांव स्थित घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ के साथ मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


















