Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Hamirpur News: जेईई मेन 2026 में हिमाचल के रोहित शर्मा ने 99.95 प्रतिशत अंक के साथ किया टॉप

JEE Main 2026 Topper: हमीरपुर के रहने वाले रोहित शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन की बदौलत जेईई मेन-2026 में प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
Published on: 22 April 2026
Hamirpur News: जेईई मेन 2026 में हिमाचल के रोहित शर्मा ने 99.95 प्रतिशत अंक के साथ किया टॉप

Hamirpur News Today: हिमाचल प्रदेश के शैक्षणिक जगत में हमीरपुर जिले के गांव पंजोत के रहने वाले रोहित शर्मा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। डीएवी पब्लिक स्कूल ग्रयोह के छात्र रोहित शर्मा ने जेईई मेन-2026 की परीक्षा में 99.95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है। रोहित की यह सफलता उनके समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

रोहित ने अपनी इस यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने परीक्षा के पहले चरण यानी सेशन-1 में 99.77 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इस प्रदर्शन से संतुष्ट न होकर उन्होंने अपनी तैयारी को और अधिक धार दी और दूसरे प्रयास में स्टेट टॉपर बनकर अपनी मेहनत को सार्थक किया।

रोहित का पारिवारिक बैकग्राउंड भी प्रेरणादायक है। उनके पिता मनोहर लाल शर्मा एक सेवानिवृत्त सैनिक हैं और वर्तमान में पटवारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी माता रीना देवी गृहिणी हैं। रोहित ने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी कठोर मेहनत को दिया है।

अपनी तैयारी की रणनीति साझा करते हुए रोहित ने बताया कि वह प्रतिदिन 10 घंटे का अध्ययन करते थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई में एनसीईआरटी (NCERT) की पुस्तकों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया और अपनी तैयारी को परखने के लिए नियमित रूप से मॉक टेस्ट दिए।

रोहित ने सोशल मीडिया के उपयोग के बारे में एक महत्वपूर्ण बात साझा की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से दूर रहने के बजाय, उन्होंने इसका सकारात्मक और सही उपयोग किया, जिससे उन्हें तैयारी के दौरान कठिन विषयों को समझने और नई जानकारी जुटाने में काफी मदद मिली।

रोहित का अगला लक्ष्य अब जेईई एडवांस-2026 में सफलता हासिल करना है। उनका सपना आईआईटी मुंबई में दाखिला लेकर कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करना है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर ने रोहित की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपार प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रोहित बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि मैथ्स ओलंपियाड, साइंस ओलंपियाड और चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने रोहित और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

जेईई मेन-2026 के परिणामों में अन्य छात्रों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया है। एस्पायर संस्थान के अथर्व बन्याल ने 99.45, अक्षत ठाकुर ने 99.42 और अर्नव ठाकुर ने 99 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।

वहीं, कॅरिअर अकादमी के छात्रों ने भी बेहतरीन परिणाम दिए हैं। अकादमी के आदित्य जायसवाल ने 99.10 परसेंटाइल, आदिश नारू ने 92.50 और आदित्य अंगिरस ने 92.11 परसेंटाइल अंक हासिल किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॅरिअर अकादमी के कुल आठ छात्रों का चयन जेईई एडवांस के लिए हुआ है।

hamirpur latest newshamirpur newshamirpur news todayHamirpur samachar

Join WhatsApp

Join Now