Prajasatta Side Scroll Menu

Himachal: प्रदेश सरकार के दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति हुई बदतर: जयराम ठाकुर

Himachal Politics Himachal: प्रदेश सरकार के दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति हुई बदतर: जयराम ठाकुर

Himachal News: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं में भारी गिरावट आई है। स्टंट ऑपरेशन के लिए मरीजों को अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है। हिमकेयर के तहत दी जाने वाली दवाइयां और उपचार बंद कर दिए गए हैं। हिमकेयर की देनदारी 400 करोड़ रुपये से भी अधिक हो चुकी है।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में ठेकेदारों पर करोड़ों रुपये की देनदारी बकाया है और सरकार ने ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी है कि ठेकेदार आत्महत्या करने के बारे में सोचने पर मजबूर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग में पिछले दो वर्षों से ठेकेदारों की देनदारी लंबित है, जिसका कुल आंकड़ा एक हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। जल शक्ति विभाग में भी 500 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी पेंडिंग है।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राज्य की वास्तविक स्थिति को छुपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के द्वारा पहले दिन जनता से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पहले यह स्वीकार करना चाहिए था कि वह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का अपना वादा पूरा करने में असमर्थ हैं और इसके लिए उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ने संवैधानिक तरीके से CPS को नियुक्त किया और वे दो साल तक अपने पद का फायदा उठाते रहे। सरकार में अब कैबिनेट दर्जे के साथ एडवाइजर नियुक्त किए जा रहे हैं और दूसरी ओर जनता से सब्सिडी छोड़ने की मांग की जा रही है।

जयराम ठाकुर ने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पूर्व सरकार में खनन को लेकर उन्होंने कई वीडियो बयान दिए थे, लेकिन आज कांगड़ा में अवैध खनन बड़े पैमाने पर हो रहा है, और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री इसे रोकने में नाकाम हैं।

उन्होंने कहा कि लोहड़ी और मकर संक्रांति के त्यौहार भी निकल गए, लेकिन एचआरटीसी के पेंशनरों को अब तक उनकी पेंशन नहीं मिली है और उपमुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।

संगठन और भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी साफ नजर आती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को दो वर्षों में बोलने का मौका तक नहीं मिला, जो पार्टी की अंदरूनी स्थिति को उजागर करता है।

अंत में, जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा एकजुट है और मजबूत नेतृत्व के तहत काम कर रही है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को सलाह देते हुए कहा कि अगर कोई भाजपा में षड्यंत्र के माध्यम से आगे बढ़ने की कोशिश करेगा, तो वह सफल नहीं होगा। भाजपा में कार्यकर्ताओं को केवल ईमानदारी से काम करना चाहिए, क्योंकि पार्टी को योग्य, सक्षम और मेहनती कार्यकर्ताओं को ही उचित स्थान देती है।

Himachal News Himachal News in Hindi HP News in Hindi Jai Ram Thakur

Join WhatsApp

Join Now