Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan News: सोलन वाहन पंजीकरण फर्जीवाडे का मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज गिरफ्तार

Solan Crime News: सोलन पुलिस ने RLA वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा मामले में मुख्य आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सोलन पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और प्रभावी रणनीति के जरिए आरोपी को उस समय दबोचा जब वह यात्रा कर रहा था।
By PNT
Published on: 1 May 2026
Solan News: सोलन वाहन पंजीकरण फर्जीवाडे का मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज गिरफ्तार

Solan News: सोलन जिले में जनवरी माह में सामने आए आरएलए (RLA) वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस इससे पहले छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच लगातार जारी है।

दरअसल, इस पूरे प्रकरण की शुरुआत जनवरी महीने में हुई थी, जब आरएलए सोलन में वाहन पंजीकरण में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। इस संबंध में एसडीएम द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने 26 जनवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज फरार चल रहा था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में हिमाचल प्रदेश के अलावा कई अन्य राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की क्राइम ब्रांच भी इस वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े मामले में गौरव भारद्वाज की तलाश कर रही थी, लेकिन सोलन पुलिस ने आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) टीएसडी वर्मा ने जानकारी दी कि गौरव भारद्वाज की गतिविधियों पर लगातार तकनीकी और मानवीय संसाधनों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिया गया था।

अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के उपरांत पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। सटीक सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर रणनीति तैयार की गई और सोलन से ट्रैवल कर रहे आरोपी गौरव भारद्वाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी सर्विलांस की सटीकता को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि इस मामले की जांच के लिए पहले ही डीएसपी अशोक चौहान की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस एसआईटी टीम में सदर थाना के एसएचओ हंसराज और पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। यह टीम लगातार मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस पूछताछ के बाद इस वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े मामले में कई और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Latest Solan NewsSolan NewsSolan News in HindiSolan News todayToday Solan News

Join WhatsApp

Join Now