Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

खत्म हो जाएगा इंतजार, अब हिमाचल के गांवों में भी दौड़ेंगी बिना शोर वाली ई-बसें, ‘हिम बस प्लस’ स्मार्ट कार्ड भी होगा लॉन्च

Himachal HRTC Electric Bus Services: हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होगी 240 नई इलेक्ट्रिक बसें। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री गुरूवार को करेंगे शुभारंभ। यात्रियों को हिम बस प्लस स्मार्ट ट्रैवल कार्ड की सौगात।
HRTC New Electric Bus Launch: खत्म हो जाएगा इंतजार, अब हिमाचल के गांवों में भी दौड़ेंगी बिना शोर वाली ई-बसें, 'हिम बस प्लस' स्मार्ट कार्ड भी होगा लॉन्च

HRTC New Electric Bus Launch: हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुगम, आधुनिक तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम का नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए जारी लंबा इंतजार आखिरकार समाप्त हो चुका है। निगम के पास 240 नई ई-बसों की पहली बड़ी खेप पहुंच चुकी है।

उल्लेखनीय है कि इन सभी नई बसों का वीरवार को औपचारिक रूप से शुभारंभ किया जाएगा, जिससे प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर यात्रा व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इन नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

बता दें कि एचआरटीसी प्रबंधन ने यात्रियों की लगातार बढ़ती सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए और विभिन्न डिपो में बसों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से कुल 297 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का ऑर्डर जारी किया था। इनमें से 240 बसें सुरक्षित रूप से हिमाचल प्रदेश पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष बची बसें भी रास्ते में हैं और आगामी एक-दो दिनों के भीतर निगम के पास पहुंच जाएंगी। इन नई बसों के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश के उन सभी रूटों पर आम जनता को भारी राहत मिलेगी, जहां बसों की कमी के कारण यात्रियों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला: पकड़े गए अभ्यर्थियों पर लटकी ब्लैक लिस्ट होने की तलवार

गौरतलब है कि ई-बसों के संचालन की शुरुआत के साथ-साथ एचआरटीसी यात्रियों के अनुभव को डिजिटल और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए एक और नई पहल करने जा रहा है। 30 जुलाई को सोलन जिले के क्यारीघाट स्थित एचपीटीडीसी होटल मेघदूत में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ई-बसों के भव्य लोकार्पण के साथ ही ‘हिम बस प्लस स्मार्ट ट्रैवल कार्ड’ को भी औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  हिमाचल में फिर कांपी धरती, चंबा और लाहौल स्पीति में महसूस किए गए भूकंप के झटके

प्रदेश सरकार और परिवहन निगम की यह साझा पहल राज्य में हरित और स्मार्ट सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी। इन नई इलेक्ट्रिक बसों के सड़कों पर उतरने से जहां एक तरफ निगम की डीजल पर निर्भरता कम होगी, वहीं दूसरी ओर वित्तीय बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बड़ा बल मिलेगा।

इस पूरी पहल की सबसे खास बात यह है कि ये नई इलेक्ट्रिक बसें केवल शहरी क्षेत्रों या प्रमुख मार्गों तक ही सीमित नहीं रहेंगी। एचआरटीसी शिमला के मंडलीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम प्रबंधन ने ग्रामीण क्षेत्रों के चुनौतीपूर्ण रूटों पर भी इन बसों का सफल ट्रायल पूरा कर लिया है। ट्रायल के दौरान इन कठिन मार्गों पर भी ई-बसों की ओवरऑल परफॉर्मेंस बेहतरीन दर्ज की गई है।

इसे भी पढ़ें:  Himachal News: सीएम सुक्खू व बिजली बोर्ड यूनियन की मीटिंग आज...ओल्ड पेंशन और MD को हटाने पर होगी चर्चा

देवासेन नेगी ने आगे बताया कि अब राज्य के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बिना किसी शोर और प्रदूषण के आरामदायक तथा आधुनिक बसों में सफर का आनंद ले सकेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री द्वारा औपचारिक उद्घाटन किए जाने के तुरंत बाद इन सभी बसों को प्रदेश के अलग-अलग डिपुओं में आवश्यकतानुसार अलॉट कर दिया जाएगा। डिपो अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी होते ही आगामी एक सप्ताह के भीतर ये बसें अपने निर्धारित ग्रामीण और शहरी रूटों पर नियमित रूप से यात्रियों को सेवाएं देना शुरू कर देंगी।

Him Bus Plus CardHimachal Electric BusHimachal HRTC NewsHimachal Transport NewsSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now