Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

HP Budget Session: भाजपा ने देहरा चुनाव रद्द करने की मांग उठाई, विधानसभा में हुआ हंगामा..!

Published on: 13 March 2025
HP Budget Session: भाजपा ने देहरा चुनाव रद्द करने की मांग उठाई, विधानसभा में हुआ हंगामा..!

HP Budget Session 2025:  हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को भाजपा विधायकों ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी धांधली के आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की।

इस मुद्दे पर सदन में जमकर हंगामा हुआ और विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए वॉकआउट किया। भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि देहरा उपचुनाव के दौरान  विधानसभा क्षेत्र में महिला मंडलों के खातों में कांगड़ा बैंक से धनराशि ट्रांसफर की गई, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई।

हमीरपुर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में कुछ महिला मंडलों के खातों में कांगड़ा बैंक से धनराशि ट्रांसफर की गई। उन्होंने पूछा कि यह ट्रांजेक्शन किस आधार पर हुआ और क्या यह चुनावी धांधली का मामला है? उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाई जाए और देहरा चुनाव रद्द किया जाए।

उपमुख्यमंत्री का जवाब: जानकारी जुटाई जा रही है

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस मामले की जानकारी जुटाई जा रही है, क्योंकि बैंकिंग प्रक्रियाओं में समय लगता है। उन्होंने कहा कि अगर विधायक आशीष शर्मा के पास पहले से ही जानकारी है, तो वे सरकार से सवाल क्यों पूछ रहे हैं? अग्निहोत्री ने आश्वासन दिया कि जैसे ही बैंक से पूरी सूचना मिलेगी, उसे सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

विपक्ष ने किया वॉकआउट

उपमुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने नाराजगी जताई और सदन से वॉकआउट कर दिया। नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार हर बार सवालों का जवाब देने से बचने के लिए यही कहती है कि जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार सत्र समाप्त होने से पहले स्पष्ट करे कि क्या केवल देहरा विधानसभा क्षेत्र में महिला मंडलों को पैसा दिया गया या अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसा हुआ?

वहीँ भाजपा विधायक विक्रम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान महिला मंडलों के खातों में पैसे डालना एक गंभीर मुद्दा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सवालों से बचने के लिए गलत तुलनाएं कर रही है।

उपमुख्यमंत्री का पलटवार

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत लाखों किसानों के खातों में पैसे डाले गए थे, जिससे पूरे देश में चुनाव प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब सरकार के काम करने के तरीके से परेशानी हो रही है।

उपमुख्यमंत्री के बयान पर विपक्ष भड़क उठा और सदन में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा विधायकों ने सरकार पर चुनावी धांधली के आरोप लगाए और कहा कि महिला मंडलों के खातों में पैसा ट्रांसफर करना और किसानों को सम्मान निधि देना—दोनों मामलों की तुलना करना गलत है।

उपमुख्यमंत्री का आरोप: विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं

विपक्ष के वॉकआउट के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह पहले से तय था कि विपक्ष को सदन से बाहर जाना ही था, क्योंकि उनके पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने विपक्ष के इस रवैये को ‘सदन की परंपराओं के खिलाफ’ बताया और कहा कि अगर भाजपा के पास कोई ठोस प्रमाण हैं, तो वे सरकार के समक्ष प्रस्तुत करें, न कि केवल हंगामा करें।

Aaj Ki KhabrenHimachal BJPHimachal CongressHimachal Latest NewsHimachal NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh News TodayHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP News TodayJairam ThakurShimla News TodaySukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now