Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां स्थित ऐतिहासिक गांधी ग्राउंड में ‘विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेला 2026’ के तीसरे दिन सांस्कृतिक संध्या और मेगा मेडिकल कैंप का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान बाल मेला कमेटी के मुख्य संरक्षक और पर्यटन निगम के अध्यक्ष व विधायक आर.एस. बाली सहित समस्त बाल मेला कमेटी और स्थानीय निवासियों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व सीपीएस चौधरी सुरेंद्र काकू, एआईसीसी सह-प्रभारी चेतन चौहान, विधायक सुदर्शन बबलू, विधायक चंद्रशेखर तथा विधायक विवेक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रथम दिन की इस सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने कई मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही ‘धौलाधार मिस हिमाचल’ और ‘मिस्टर हिमाचल’ प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जहां अनेक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने अपने संबोधन में पूर्व मंत्री स्व. जी.एस. बाली के साथ कार्य करने के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि वह जनसमस्याओं को हल करने के लिए सदैव प्रयासरत रहते थे। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान बन चुका है, जहां हिमाचल के अलावा पंजाब और जम्मू-कश्मीर से आए हजारों मरीजों का इलाज होता है। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से एम्स की तर्ज पर आधुनिक मशीनों के साथ और बेहतर बनाया जा रहा है।
बाल मेले के तीसरे दिन आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में पूर्व सांसद एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यह बाल मेला पूरे हिमाचल प्रदेश में जी.एस. बाली के प्रति लोगों के असीम प्रेम को दर्शाता है। वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि आर.एस. बाली अपने पिता की विकासवादी सोच और विरासत को सही दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल और शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा भी उपस्थित थे।
मेगा मेडिकल कैंप के पहले ही दिन लगभग चार हजार (4,000) लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। कैंप में बीएल कपूर हॉस्पिटल दिल्ली, फोर्टिस, रोटरी आई हॉस्पिटल पालमपुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा, हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर और आईआईटी दिल्ली की मेडिकल टीमों ने मरीजों की मुफ्त जांच की। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चश्मे, श्रवण यंत्र और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। मुख्य संरक्षक आर.एस. बाली ने बताया कि बीते 24 वर्षों से यह मेला जनसेवा और समर्पण का प्रतीक बना हुआ है।


















