Kinnaur Businessman Missing: किन्नौर जिले के पूह क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ ग्राम नेसंग, तहसील पूह, जिला किन्नौर निवासी राजेंद्र सिंह ने अपने भाई भागी राम के रहस्यमय तरीके से लापता होने की शिकायत पुलिस अधीक्षक किन्नौर को सौंपी है।
शिकायत के अनुसार, भागी राम 21 दिसंबर 2025 की रात से लापता हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। भागी राम लियो गांव में फर्नीचर की दुकान चलाते थे और क्षेत्र में एक मेहनती व्यवसायी के रूप में जाने जाते थे।
परिजनों के मुताबिक 21 दिसंबर को भागी राम बोलेरो कैंपर गाड़ी नंबर HP27A 3255 में चांगो गांव गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने मलिंग नाला पार करने की सूचना फोन पर दी थी, लेकिन उसके बाद अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया और किसी से संपर्क नहीं हो सका। परिवार ने जब देर रात तक उनके घर न पहुंचने पर चिंता जताई तो अगली सुबह तलाश शुरू की गई।
गाड़ी चालक ने पुलिस को बयान दिया कि उसने रात लगभग 8:30 बजे भागी राम को लियो में उनकी दुकान के पास उतार दिया था। हालांकि इसके बाद उनकी गतिविधियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। 22 दिसंबर को उस समय मामला और रहस्यमय हो गया जब कूड़ेदान के पास एक शव होने की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन वहाँ कोई शव नहीं मिला। इस घटना ने परिजनों की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है।
परिवार का कहना है कि भागी राम का अंतिम लोकेशन लियो क्षेत्र में मिला था, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। परिजनों ने मामले में किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी भी व्यक्ति को भागी राम के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो कृपया तुरंत 8219502436, 7876150844 या 8091709460 पर संपर्क करें।


















