Manali Snow Marathon Controversy: मनाली में आयोजित हुई ‘स्नो मैराथन लीग’ विवादों के घेरे में आ गई है। इस दौड़ में हिस्सा लेने के लिए देश-विदेश से कई रनर्स पहुंचे थे, लेकिन वहां के इंतजामों को देखकर उन्होंने भारी नाराजगी जाहिर की। खिलाड़ियों का आरोप है कि आयोजकों ने न केवल उनसे होटल के नाम पर ज्यादा पैसे वसूले, बल्कि आयोजन वाली जगह को लेकर भी अंत तक उन्हें अंधेरे में रखा।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अंत में अल्ट्रा रन को रद्द करना पड़ा। बता दें कि इस प्रतियोगिता के लिए दुबई, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों से रनर्स मनाली पहुंचे थे। पहले यह रेस लाहौल के सिस्सू में होनी थी, लेकिन अटल टनल बंद होने के कारण इसे सेथन (मनाली) में शिफ्ट कर दिया गया।
प्रतिभागियों का कहना है कि उन्हें इस बदलाव की जानकारी बहुत देर से दी गई। दुबई से आए एक रनर ने बताया कि भारी खर्च और मुश्किल हालात पार कर वे यहां पहुंचे थे, लेकिन आयोजकों ने बिना बताए उनकी कैटेगरी ही बदल दी और ठहरने के लिए भी उनसे तय से ज्यादा पैसे मांगे गए। इंतजामों की पोल तब खुली जब 21 मार्च की रात को रनर्स से अचानक पहाड़ी रास्तों पर नए वेन्यू (सेथन) जाने के लिए कहा गया।
कड़ाके की ठंड और रात के अंधेरे में सफर करने को लेकर रनर्स ने सुरक्षा पर सवाल उठाए। चर्चा यह भी है कि टैक्सी चालकों और आयोजकों के बीच पैसों को लेकर अनबन हो गई, जिस वजह से खिलाड़ियों को गाड़ियां तक नहीं मिलीं और उन्हें रात में खुद अपने रहने का जुगाड़ करना पड़ा। यहां तक कि मेडिकल टीम ने भी रात के समय खिलाड़ियों को यात्रा न करने की सलाह दी और अव्यवस्थाओं को देखते हुए वे वापस लौट गए।

















