Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Mandi News: घर पर सो रहे भाई- बहन को सांप ने काटा, सूना हुआ घर का आंगन, परिवार में पसरा मातम..

मंडी जिले में बिस्तर पर सो रहे दो मासूम भाई-बहन की सर्पदंश से मौत हो गई। पेट दर्द और उल्टी को स्वजन ने पहले सामान्य समझा, लेकिन दरवाजे के पीछे काला सांप दिखते ही हड़कंप मच गया।
Mandi News: घर पर सो रहे भाई- बहन को सांप ने काटा, सूना हुआ घर का आंगन, परिवार में पसरा मातम..

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली तहसील अंतर्गत सेहली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रात को सो रहे दो मासूम भाई-बहन की सांप के डसने से जान चली गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और 6 वर्षीय नक्श के रूप में हुई है, जो सेहली निवासी महेंद्र कुमार के बच्चे थे। बिस्तर पर सो रहे दोनों बच्चों को सांप ने काट लिया, जिसके बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात दोनों बच्चे खाना खाने और टीवी देखने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। बच्चों के पिता महेंद्र कुमार और माता जयवंती जमीन पर सोए थे, जबकि काव्या और नक्श बेड पर सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे बेटी काव्या अचानक उठी और पेट दर्द की शिकायत करते हुए रोने लगी।

इसे भी पढ़ें:  Mandi News: हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच में सरकार के खिलाफ पेंशन न मिलने पर गुस्सा, सड़कों पर उतरने की दी चेतावनी

इसके थोड़ी देर बाद छोटे बेटे नक्श ने भी पेट दर्द की बात कही। स्वजन ने शुरुआत में इसे अपच या खान-पान की गड़बड़ी के कारण हुआ दर्द समझा और राहत के लिए गर्म पानी की थैली से सिकाई करने लगे। हालांकि, लगभग आधे घंटे के भीतर दोनों बच्चों को उल्टियां होने लगीं और वे दर्द से तड़पने लगे।

इसी दौरान स्वजन की नजर कमरे के दरवाजे के पीछे रेंगते हुए एक बड़े काले सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत सांप को बाहर निकाला और दोनों बच्चों को लेकर जोनल अस्पताल मंडी पहुंचे। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया।

इसे भी पढ़ें:  पंडित सुख राम का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

घटना की सूचना मिलते ही कोटली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शवों को कब्जे में लिया। शनिवार को दोनों मासूमों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। बता दें कि मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। कुछ मामलों में तो कई लोग अपनी जान गवा चुके हैं। विशेषज्ञों और चिकित्सकों के अनुसार, बरसात और नमी वाले मौसम में सांपों से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।

Health Safety TipsHimachal Pradesh NewsKotli NewsMandi NewsSnake Bite Incident

Join WhatsApp

Join Now