Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

HRTC Bus Accident: हिमाचल में एचआरटीसी बस हादसा, डेढ़ दर्जन यात्री घायल

Published on: 17 January 2026
HRTC Bus Accident: हिमाचल में एचआरटीसी बस हादसा, डेढ़ दर्जन यात्री घायल

Mandi HRTC Bus Accident : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एचआरटीसी की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा सरकाघाट क्षेत्र में गोभड़ता–निली मार्ग पर समसौह पंचायत के गांव हवाणी के पास हुआ। हादसे में बस में सवार 15 से 18 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की यह बस गोभड़ता से मसेरन होते हुए सरकाघाट जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे हवाणी के पास अचानक बस हादसे का शिकार हो गई। उस समय बस में लगभग 15 से 18 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे में बस चालक को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं। राहत की बात यह रही कि अधिकतर यात्री सुरक्षित हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि बस सड़क से फिसलकर नीचे खेतों में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

गनीमत यह रही कि बस खेतों में जाकर रुकी, जिससे बड़ा जान का नुकसान होने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सभी घायलों का सरकाघाट अस्पताल में उपचार जारी है।

गौरतलब है कि हिमाचल में पिछले कुछ दिनों में बढ़ते वाहन हादसों ने सड़क सुरक्षा और बसों के रखरखाव पर एक बार फिर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। बीते 8 जनवरी से अब तक हिमाचल प्रदेश में कई बड़े हादसे हो चुके हैं। सिरमौर के हरिपुरधार में बस हादसे में 14 लोगों की मौत हुई थी। मंडी में कार और बस हादसे में 3 लोगों की जान चली गई थी। कांगड़ा के बैजनाथ में कार खाई में गिरने से चार युवकों की मौत हो गई थी और इसी तरह चंबा में भी एक हादसा हुआ था।

HRTC Bus AccidentMandi Himachal updateMandi HP newsmandi latest newsMandi NewsMandi News TodayMandi samachar

Join WhatsApp

Join Now