Shimla News: सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने के मामले में शिमला पुलिस ने आरटीआई कार्यकर्ता कर्मचंद भाटिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर पुलिस जवानों द्वारा धरना-प्रदर्शन किए जाने से संबंधित एक भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित की थी, जबकि पुलिस जांच में ऐसी किसी घटना के होने की पुष्टि नहीं हुई।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 110/2026, दिनांक 27 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b), 196(1)(b) एवं 336(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच के अनुसार कर्मचंद भाटिया ने अपने फेसबुक अकाउंट से उक्त पोस्ट प्रसारित की थी। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि यह पोस्ट AI आधारित एप्लीकेशन की सहायता से तैयार कर फेसबुक पर अपलोड की गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान विधानसभा परिसर के बाहर पुलिस जवानों के धरना-प्रदर्शन की ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई।
पुलिस ने कर्मचंद भाटिया को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायालय JMIC-8, शिमला के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस सोशल मीडिया पर तथ्यात्मक और जिम्मेदार सूचना के प्रसार को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून का उल्लंघन करने या भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से आगे पूछताछ की जा रही है।


















