Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan News: कसौली में चोरों के हौसले बुलंद, गुनाई में CCTV कैमरे के नीचे खड़ी HRTC बस की बैटरी ले उड़े शातिर चोर

HRTC Bus Battery Theft: सोलन के कसौली थाना के अंतर्गत गुनाई में सीसीटीवी निगरानी के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, बढती चोरी कि घटनाओ और नशा तस्करी को रोकने के लिए ग्रामीणों ने बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है।
Published on: 9 July 2026
Solan News: कसौली में चोरों के हौसले बुलंद, गुनाई में CCTV कैमरे के नीचे खड़ी HRTC बस की बैटरी ले उड़े शातिर चोर

Solan News: सोलन जिला में पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोटबेजा के गुनाई स्टेशन पर चोरों ने सुरक्षा प्रबंधों को धता बताते हुए एक सरकारी बस को निशाना बनाया। यहां सीसीटीवी कैमरों की सीधी निगरानी में खड़ी हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से चोर रात के अंधेरे में बैटरी चुराकर फरार हो गए। बता दें कि यह बस पिछले 10-12 वर्षों से लगातार गुनाई-नालागढ़ रूट पर संचालित हो रही है, और प्रतिदिन रात्रि को  यहीं खड़ी होती है।

गुनाई से नालागढ़ का यह रूट क्षेत्र के सैकड़ों स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा बना हुआ है, जो इसके जरिए अपने स्कूल रोजगार स्थलों जैसे बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ तक का सफर तय करते हैं। रोजमर्रा की तरह बुधवार शाम को भी चालक और परिचालक रूट पूरा करने के बाद बस को गुनाई स्टेशन पर पार्क करके अपने रेस्ट रूम में चले गए थे।

चोरी होने की घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस वक्त हुआ जब चालक और परिचालक बस को उसके तय रूट पर ले जाने के लिए पहुंचे। जब चालक ने बस को स्टार्ट करने का प्रयास किया, तो इंजन में कोई हलचल नहीं हुई। तकनीकी खराबी की आशंका के चलते जब चालक ने बस की जांच की, तो देखा कि बस की बैटरी अपनी जगह से गायब थी। चोरों ने बड़ी चालाकी से पूरी बैटरी प्रणाली को वहां से निकाल लिया था।

बस से बैटरी चोरी होने की सूचना मिलते ही HRTC कर्मियों ने तुरंत इसकी जानकारी एचआरटीसी प्रशासन, स्थानीय पंचायत प्रधान और कसौली पुलिस को दी। इस घटना के बाद सुबह के समय रूट बाधित होने से बद्दी और नालागढ़ जाने वाले दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि भौगोलिक दृष्टि से गुनाई स्टेशन एक बेहद संवेदनशील और रणनीतिक स्थान पर स्थित है। इस स्थान के आसपास की पांच से छह महत्वपूर्ण सड़कें आपस में जुड़ती हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष रूप से यहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए थे। इसके बावजूद, चोरों ने कैमरों की परवाह किए बिना इस वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।

स्थानीय निवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, यह क्षेत्र काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। कई सड़कों का जंक्शन होने और पड़ोसी राज्य हरियाणा के साथ बॉर्डर लगने के कारण अपराधियों के लिए यहां से निकलना बेहद आसान हो जाता है। रात के समय सुनसान माहौल और स्थाई पुलिस चौकी या गश्त न होने के कारण नशा तस्करों और चोरों के लिए यह रूट एक सुरक्षित कॉरिडोर में तब्दील हो चुका है। इससे पहले भी इस इलाके में चोरी की कई वारदातें दर्ज हो चुकी हैं।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटबेजा पंचायत के प्रधान अजय सिंह कंवर और उपप्रधान सुखराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिमाचल प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गुनाई स्टेशन पर बढ़ती चोरी की घटनाओं और नशा तस्करी पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए यहां तुरंत एक स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Himachal Border SecurityHimachal Pradesh NewsHRTC Bus TheftKasauli PoliceSolan Crime News

Join WhatsApp

Join Now