Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan Police: अर्की क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर धनी राम की 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

Published on: 27 October 2025
Solan Police: अर्की क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर धनी राम की 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

Solan Police News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ा है। सोलन पुलिस ने पिछले एक साल में नशे के कारोबार से कमाई गई 37 आरोपियों की 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति जब्त की गई है। हाल ही में कुनिहार पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर धनी राम उर्फ गलू को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त की गई। एसपी सोलन गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि कि है।

एसपी ने बताया कि धनी राम उर्फ गलू लंबे समय से कुनिहार, सोलन, अर्की, दाड़लाघाट, बिलासपुर और शिमला जैसे इलाकों में नशा तस्करी में सक्रिय था। वह सुनियोजित तरीके से लोगों को नशे की सप्लाई करता था। पुलिस डेढ़ साल से उसे पकड़ने की कोशिश में थी। बीते 18 सितंबर 2025 को अर्की के सायर मेले के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तड़के सुबह धनी राम के घर और उसके भोजनालय/होम स्टे पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान 16 सदस्यीय पुलिस टीम ने धनी राम के घर से 1.624 किलोग्राम अफीम और 1.622 किलोग्राम चरस बरामद की। तस्कर ने शातिर तरीके से नशे को घर की लकड़ी की पैनलिंग, किचन के कपबोर्ड और सोफे में बनाए गुप्त डिब्बों में छुपाया था। इन जगहों पर भगवान की तस्वीरें लगाकर इसे और छिपाने की कोशिश की गई थी।

जांच में पता चला कि धनी राम कोई वैध धंधा नहीं करता था और सालाना सिर्फ 18,000 रुपये की छोटी-मोटी कमाई दिखाता था। लेकिन नशा तस्करी से उसने अपने और परिवार के नाम पर भारी संपत्ति बनाई। इसमें पांच मंजिला आलीशान मकान, रेस्तरां, होम स्टे, जेसीबी, टिप्पर, अन्य गाड़ियां, सोने के गहने और बैंक खातों में नकदी शामिल हैं। पुलिस ने उसकी 6.34 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की। जांच में यह भी सामने आया कि उसके बैंक खातों में पिछले कुछ सालों में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेन-देन हुआ।

एसपी ने बताया कि धनी राम के खिलाफ पहले भी धर्मपुर और अर्की थानों में NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जिनमें 845 ग्राम चरस, 82 ग्राम अफीम और 1 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। इसके अलावा, उसके खिलाफ एक महिला से छेड़छाड़ और एक महिलाओं के प्रति क्रूरता का मामला भी दर्ज है। यह साबित करता है कि वह न सिर्फ नशा तस्कर है, बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति का भी है।

एसपी ने बताया कि सोलन पुलिस ने 2024 से नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने की शुरुआत की। 2024 और 2025 में अब तक 11 मामलों में 37 तस्करों की 15 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसमें 3 मामले चरस/अफीम और 8 मामले चिट्टे की तस्करी से जुड़े हैं। जब्त संपत्तियों में आलीशान होटल, जमीन, लग्जरी गाड़ियां, नकदी और फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल हैं। 2025 में 8 मामलों में 30 तस्करों की 12 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई, जो हिमाचल में NDPS मामलों में सबसे ज्यादा है।

उन्होंने  जानकारी दी कि जुलाई 2023 से सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। इस दौरान 215 NDPS मामले दर्ज किए गए, जिनमें 451 तस्करों को जेल भेजा गया। बाहरी राज्यों (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र) से 147 तस्कर पकड़े गए, जिनमें 9 नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल हैं। 64 बड़े अंतरराज्यीय चिट्टा नेटवर्क तोड़े गए, जिससे हजारों युवाओं तक नशे की सप्लाई रोकी गई।

इसके अलावा पुलिस ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत 21 मामलों में 18,636 प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त कीं और 49 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। बार-बार जमानत पर छूटकर तस्करी करने वाले 6 आदतन अपराधियों को PIT NDPS एक्ट के तहत निवारक हिरासत में लिया गया।

एसपी ने कहा कि सोलन पुलिस ने रुस्तम योजना शुरू की, जिसमें ‘रुस्तम वॉलंटियर्स’ स्कूलों, कॉलेजों और मेलों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैला रहे हैं। अब तक 10,000 लोगों को स्किट के जरिए नशे के नुकसान के बारे में बताया गया। पुलिस के राजपत्रित अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर छात्रों को नशे से बचाने और खेल, एनसीसी, एनएसएस में रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Solan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News in HindiSolan News todaySolan PoliceSolan Police Big AchievementSolan samachar

Join WhatsApp

Join Now