IPL 2026 New Schedule Update: आईपीएल 2026 (इंडियन प्रीमियर लीग) को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस सीजन की शुरुआत की तारीख में बदलाव कर दिया है। पहले यह मैच 26 मार्च से शुरू होने वाले थे, लेकिन अब लीग का आगाज 28 मार्च से होगा। वहीं, फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने पिछले दिसंबर में सभी फ्रेंचाइजी टीमों को सूचना दी थी कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी। लेकिन अब इस तारीख को दो दिन आगे बढ़ा दिया गया है। इस बदलाव की वजह से फैंस में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
शेड्यूल में देरी का मुख्य कारण राज्य चुनाव माने जा रहे हैं। तमिलनाडु, केरल, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी इन चुनावों की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। बीसीसीआई इन चुनावों को ध्यान में रखकर ही पूरा शेड्यूल तैयार कर रहा है। खास बात यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी लोकप्रिय टीमों के घरेलू मैच इन्हीं राज्यों में होते हैं। इसलिए चुनाव के दौरान मैचों की व्यवस्था में कोई दिक्कत न आए, इसीलिए शेड्यूल जारी करने में समय लग रहा है।
पहला मैच कहां होगा?
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल 2026 का उद्घाटन मैच खेलेगी। लेकिन बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर अभी कुछ चिंताएं बनी हुई हैं। पिछले साल जून में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 दर्शकों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद आरसीबी कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के साथ बातचीत कर रही है कि क्या टीम के सात होम मैच इसी स्टेडियम में खेले जा सकते हैं या नहीं।
हाल की खबरों के अनुसार, स्टेडियम को फिर से इस्तेमाल करने की मंजूरी मिलने की संभावना है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आरसीबी के मैच नवी मुंबई या पुणे जैसे अन्य मैदानों पर शिफ्ट किए जा सकते हैं।
शेड्यूल दो हिस्सों में आने की उम्मीद
आईपीएल के इतिहास को देखें तो जब भी लोकसभा चुनाव (2009, 2014, 2019, 2024) या बड़े राज्य चुनाव हुए हैं, तब शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया गया है। इस बार भी ऐसा ही होने की संभावना जताई जा रही है। बीसीसीआई इलेक्शन कमीशन के चुनाव तारीखों के ऐलान का इंतजार कर सकता है या फिर पहले कुछ राज्यों के आधार पर शुरुआती शेड्यूल जारी कर सकता है।
फिलहाल फैंस को पूरा शेड्यूल और पहला मैच की जगह का इंतजार है। जैसे ही बीसीसीआई आधिकारिक घोषणा करेगा, सारी जानकारी साफ हो जाएगी।

















