Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा बस हादसा होते-होते टल गया। जब हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस, जो अगाहार-जुम्हार से चंबा की ओर आ रही थी, दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बची। बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों की जान पर उस समय संकट आ गया, जब घूम के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए।
घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। बस जैसे ही घूम क्षेत्र के पास पहुंची, चालक को अचानक महसूस हुआ कि ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया है। पहाड़ी मार्ग और मोड़ वाली सड़क होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक थी। चालक ने घबराने के बजाय पूरी एकाग्रता और सूझबूझ का परिचय दिया।
परिस्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बस को अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बचाने के लिए उसे पहाड़ी की तरफ मोड़ने का त्वरित निर्णय लिया। बस सीधे पहाड़ी से टकराकर रुक गई। यदि चालक ने यह साहस न दिखाया होता, तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक बस में उस समय स्कूली और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या मौजूद थी। टक्कर होते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि बस के पहाड़ी से टकराकर रुकते ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
स्थानीय लोगों ने घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद की। बस के ब्रेक फेल होने के कारणों की जांच की जा रही है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने चालक की इस बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की है, जिसने एक बड़े संभावित हादसे को टालकर यात्रियों को नया जीवन दिया।
















