Mahindra Car Price Hike 2026: अगर आप महिंद्रा की नई कार खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। टाटा मोटर्स और अन्य कंपनियों के बाद अब महिंद्रा ने भी कीमतों में इजाफे की घोषणा की है।
बता दें कि भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने अपने पोर्टफोलियो में शामिल नॉन-इलेक्ट्रिक SUV और कमर्शियल वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
कंपनी की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, नई दरें 6 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगी। कंपनी ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे उत्पादन लागत और कच्चे माल की कीमतों में हो रही निरंतर वृद्धि को मुख्य कारण बताया है। बता दें कि टाटा मोटर्स और अन्य कंपनियों के बाद अब महिंद्रा ने भी कीमतों में औसतन 1.6% के इजाफे की घोषणा की है।
मॉडल के आधार पर कीमतों में बदलाव
इस घोषणा के बाद महिंद्रा के विभिन्न मॉडल्स पर यह बढ़ोतरी अलग-अलग होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कीमतों में अधिकतम 2.5% तक का इजाफा किया जा रहा है, जबकि सभी मॉडलों पर इसका औसत प्रभाव लगभग 1.6% रहेगा। इस निर्णय का सीधा असर थार (Thar), स्कॉर्पियो-एन (Scorpio-N) और हालिया लॉन्च XUV 3XO जैसे लोकप्रिय मॉडल्स पर पड़ेगा।
XUV 7XO के शुरुआती ग्राहकों को राहत
कंपनी ने हाल ही में बाजार में उतारी गई XUV 7XO के लिए एक विशेष प्रावधान रखा है। इस मॉडल के शुरुआती 40,000 ग्राहकों पर इस मूल्य वृद्धि का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इन ग्राहकों को पुरानी कीमतों पर ही वाहन की डिलीवरी दी जाएगी। 40,000 यूनिट्स की बुकिंग सीमा पूरी होने के बाद ही नई कीमतें इस मॉडल पर लागू की जाएंगी।
ऑटो सेक्टर में बढ़ती लागत का दबाव
महिंद्रा से पहले टाटा मोटर्स, JSW MG मोटर इंडिया, BMW, ऑडी इंडिया और मर्सिडीज-बेंज जैसी दिग्गज कंपनियां भी अप्रैल महीने से अपने वाहनों के दाम बढ़ा चुकी हैं। ऑटोमोबाइल उद्योग के विशेषज्ञों का मानना है कि इनपुट लागत (Input Cost) में वृद्धि के कारण कंपनियों के पास इस अतिरिक्त भार का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने के अलावा अन्य विकल्प सीमित हैं।





















