Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

PGI से बीमार 3 माह के मासूम का इलाज कराकर लौट रहा था परिवार, घर पहुँचने से पहले ही 500 फीट गहरी खाई में गिरी कार; 5 की मौके मौत

Chamba News Today: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, PGI चंडीगढ़ से इलाज कराकर लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत।
By PNT
Published on: 28 July 2026
Chamba Accident  Road Accident News: PGI से बीमार 3 माह के मासूम का इलाज कराकर लौट रहा था परिवार, घर पहुँचने से पहले ही 500 फीट गहरी खाई में गिरी कार; 5 की मौके मौत

Chamba Accident News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर लाहड़ (बनीखेत) के समीप सोमवार मध्यरात्रि एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन माह का एक मासूम शिशु भी शामिल है। हादसा इतना भयानक था कि वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने या जान बचाने का मौका नहीं मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन Alto K-10 (HP-48A-8534) था। परिवार के सदस्य अपने तीन माह के बीमार बच्चे का PGI चंडीगढ़ से उपचार करवाने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। जब गाड़ी भरमौर-पठानकोट हाईवे पर लाहड़ के पास पहुंची, तो कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी सवार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राहत एवं बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। रात के अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्थानीय निवासियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांचों मृतक एक ही परिवार से जुड़े थे। मृतकों की पहचान बचन सिंह पुत्र नारायण सिंह, निवासी गेहरा,(चालक) रिपन कुमार पुत्र बचन सिंह निवासी गेहरा, हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (2nd IRBn), सकोह में तैनात जवान, रिम्पी पत्नी रिपन कुमार, कीर्ति पुत्री केसर सिंह, व परिवार का तीन माह का शिशु शामिल है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी शवों का पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे के समय इलाके का मौसम बेहद खराब था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी और अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ था। विजिबिलिटी कम होने और फिसलन की वजह से वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का अभी तक पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

इस पूरे हादसे पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमों को बिना किसी देरी के मौके पर रवाना कर दिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले सभी वाहन चालकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और दुर्गम रास्तों पर, विशेषकर रात के समय और खराब मौसम या धुंध के दौरान, वाहन चालकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए ताकि इस तरह की दुखद दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचा जा सके।

इस हृदयविदारक घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप लाहड़ में हुए इस सड़क हादसे में पांच लोगों की असमय मृत्यु पर दु:ख जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने शोक संदेश में दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह पीड़ित परिवार को इस असहनीय और भारी दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करे।

Bharmour Pathankot HighwayChamba AccidentChamba NewsHimachal Crime Newshimachal road accident

Join WhatsApp

Join Now