Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Hamirpur: हमीरपुर में निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जताया संतोष

Published on: 24 February 2025
Hamirpur: हमीरपुर में निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जताया संतोष

Hamirpur: लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को हमीरपुर में निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति रिपोर्ट मांगी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया।

मंत्री ने कहा कि इस बस अड्डे के लिए अभी तक 60 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसमें वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने बताया कि यह एक आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से युक्त बस अड्डा होगा, जिसके बनने से हमीरपुर शहर में यातायात की समस्या कम होगी और लोगों को सुविधा मिलेगी।

ज्वालाजी सुख आश्रय प्रोजेक्ट और नादौन इंडोर स्टेडियम का भी निरीक्षण

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ज्वालाजी में निर्माणाधीन सुख आश्रय प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इस पर काम तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के एक साल में पूरा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा, उन्होंने नादौन में बन रहे इंडोर खेल स्टेडियम का भी दौरा किया। मंत्री ने कहा कि यहां कबड्डी, वॉलीबॉल, स्विमिंग पूल और अन्य खेल गतिविधियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता पर संतोष जताया और कहा कि यह जल्द ही पूरा हो जाएगा।

केंद्र सरकार के बजट पर मंत्री का बयान

भाजपा नेताओं द्वारा केंद्र सरकार के बजट में हिमाचल प्रदेश की अनदेखी करने के आरोपों पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जहां केंद्र सरकार अच्छा काम कर रही है, उसकी सराहना की जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जहां कमियां हैं, उन्हें उजागर करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत धन मिल रहा है, लेकिन 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के बाद राज्य को मिलने वाला राजस्व अनुदान 13 हजार करोड़ रुपए से घटकर 3 हजार करोड़ रुपए रह गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को 25 हजार करोड़ रुपए का अनुदान दिया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश को इस बजट में एक रुपया भी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आवाज उठाना उनका दायित्व है और भाजपा को इसे निंदा के रूप में नहीं लेना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी निर्माण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल हिमाचल के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी, बल्कि राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Hamirpur district newsHamirpur Himachal updatehamirpur latest newshamirpur newshamirpur news todayHamirpur samacharHimachal News in HindiHimachal Pradesh Newshp newsHP News in Hindi

Join WhatsApp

Join Now