NEET UG 2026 Registration New Rules: मेडिकल में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कई नए और सख्त नियम लागू किए गए हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली रोकना है।
उल्लेखनीय है कि इस बार NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को रविवार को होगी। यह परीक्षा पूरे देश में एक ही समय पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पेन और पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।
📢 NEET (UG) 2026 Alert! 🩺
The National Testing Agency (NTA) has officially invited online applications for NEET (UG) 2026.
🗓️ Registration: Feb 08 – Mar 08, 2026
📝 Exam Date: May 03, 2026
🔗 Apply here: https://t.co/a8BvsDQElp
Don’t wait until the last minute! #NEET2026 #NTA… pic.twitter.com/EX9JWYT06w— National Testing Agency (@NTA_Exams) February 8, 2026
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च है। समय पर फॉर्म और फीस जमा न करने पर आवेदन रद्द माना जाएगा।
NTA ने पिछले कुछ सालों में आई शिकायतों को देखते हुए नियम सख्त किए हैं। डुप्लीकेट फॉर्म, गलत पहचान और नकल जैसी समस्याओं को रोकने के लिए आधार आधारित eKYC को अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन करने से पहले छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर सक्रिय हो और उसमें अच्छा नेटवर्क हो, ताकि वेरिफिकेशन आसानी से हो सके।
इस बार सबसे बड़ा बदलाव लाइव फोटो कैप्चर का है। फॉर्म भरते समय उम्मीदवार को रियल टाइम में अपनी फोटो लेनी होगी। फोटो में चेहरा फ्रेम के कम से कम 80 फीसदी हिस्से में होना चाहिए। NTA ने सलाह दी है कि फोटो लेते वक्त कैप, चश्मा या गॉगल्स न पहनें। अगर कंप्यूटर पर वेबकैम नहीं है, तो QR कोड स्कैन करके मोबाइल से भी फोटो ली जा सकती है। यह लाइव फोटो सीधे आधार डेटाबेस की तस्वीर से मिलाई जाएगी।
इसके अलावा इस बार परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटो, स्कैन किया हुआ हस्ताक्षर, पता प्रमाण और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।
आवेदन शुल्क इस प्रकार है:
– जनरल कैटेगरी: 1700 रुपये
– जनरल-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल: 1600 रुपये
– एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और थर्ड जेंडर: 1000 रुपये
– विदेशी उम्मीदवार: 9500 रुपये
परीक्षा केंद्र उम्मीदवार के वर्तमान और स्थायी पते के आधार पर दिए जाएंगे। NEET UG 2026 कुल 13 भाषाओं में होगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, तमिल, तेलुगु, उर्दू और फारसी शामिल हैं।
NEET UG के स्कोर से MBBS, BDS, BSc नर्सिंग, BVSc और AH, BAMS, BUMS, BHMS जैसे अंडरग्रेजुएट मेडिकल और आयुष कोर्स में दाखिला मिलता है। नए नियमों से उम्मीद है कि परीक्षा प्रक्रिया पहले से ज्यादा निष्पक्ष और सुरक्षित होगी।

















