IMD Weather Update: मार्च का महीना खत्म होते-होते मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। देश के कई हिस्सों में बादलों ने डेरा डाल लिया है और उत्तर से लेकर दक्षिण तक मौसम में काफी हलचल देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो कल यानी 30 मार्च को घर से बाहर निकलते समय छाता साथ रखना ही समझदारी होगी, क्योंकि कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कल धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। पहाड़ी इलाकों की बात करें तो कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कल मौसम काफी खराब रहने की आशंका है। कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है, जबकि बाकी पहाड़ी राज्यों में ओले गिरने से ठंडक बढ़ सकती है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी राहत के आसार कम ही हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कल से तेज तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में 2 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश और बिजली कड़कने का सिलसिला जारी रहेगा। किसानों के लिए चिंता की बात यह है कि इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुँचने का डर है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मानसून जैसी स्थिति बनी हुई है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अगले दो-तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण में कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी बादल बरसने के पूरे आसार हैं। कुल मिलाकर, कल देश का बड़ा हिस्सा भीगने वाला है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।


















