Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

सिरमौर में चोरों के हौसले बुलंद: थ्री फेस की लाइन से तारें चोरी, चलती बिजली सप्लाई में दिया वारदात को अंजाम

सिरमौर में चोरों के हौसले बुलंद: थ्री फेस की लाइन से तारें चोरी, चलती बिजली सप्लाई में दिया वारदात को अंजाम

सराहां |
जिला सिरमौर क्षेत्र में इन दिनों बिजली तार चोर गैंग सक्रिय है। पिछले कई दिनो में चोरों ने कई वारदातों को अंजाम देते हुए कई जगह तार काट कर ले गए। सबसे बड़ी हैरान करने वाली बात यह है कि चालू बिजली सप्लाई के दौरान ही चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया और इसको लेकर बिजली विभाग के कर्मचारी भी परेशान हैं। ताज़ा मामला विद्युत उपमंडल सराहां का है। जहाँ बिजली बोर्ड की चलती हुई बिजली लाइन से तारें चोरी होने के मामले सामने आया है। पुलिस व बिजली बोर्ड का मानना है कि यह चोर बिजली के काम में एक्सपर्ट हो सकते हैं, क्योंकि चलती लाइन से बिजली की तारों को चोरी करना आसान काम नहीं है। बता दें कि इस क्षेत्र में इससे पहले भी इसी तरह तारों को चोरी करने की घटनाएँ सामने आई है। लेकिन अभी तक पुलिस शातिर चोरों को पकड़ पाने में नाकाम रही है।

जानकारी के अनुसार चोर रिहायशी बस्ती से दूर के क्षेत्रों में बिजली की लाइनों को अपना निशाना बना रहे हैं। विशेष बात यह है कि यह चोर बिजली की चलती लाइन से तारों को काट कर पहले अलग करते हैं, फिर उन्हें चोरी कर लेते हैं। अभी तक जितनी भी बिजली की लाइनों से तारें चोरी हुई हैं, वह गांव से जंगल के रास्तों पर हुई है। रात को जंगलों के रास्ते में अंधेरा ही होता है, जिसका यह चोर फायदा उठा रहे हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल सराहां में बुधवार रात को बाग पशोग से टिकरी उठाऊ पेयजल योजना की थ्री फेस लाइन के डेढ़ किलोमीटर बिजली लाइन की तारें चोरी हो गईं। इसके बाद वीरवार रात को कंगर घाट से नेई तक एक किलोमीटर सिंगल लाइन चोरी कर ली। इसके बारे में विद्युत बोर्ड ने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई है। राजगढ़ के डीएसपी अरुण कुमार मोदी ने बताया कि सराहां उपमंडल के तहत चलती बिजली लाइन चोरी होने की शिकायत विद्युत बोर्ड ने दर्ज करवाई है, जिस पर छानबीन की जा रही है।

विद्युत बोर्ड सराहां के एसडीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बाग पशोग से टिकरी पजेली व कंगार घाट में ढाई किलोमीटर बिजली लाइन की तार चोरी हुई है। जिससे विद्युत बोर्ड को करीब 35 हजार का नुकसान हुआ है, जबकि विद्युत बोर्ड उपमंडल बागथन के एसडीओ कनुप्रिय सिंह ने बताया कि भेड़ाघाट उठाऊ पेयजल योजना की 3 किलोमीटर थ्री फेस बिजली लाइन चोरी होने से बोर्ड को तीन लाख का नुकसान आंका गया है। जिसकी नाहन पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है।

Nahan news todaySirmour district newsSirmour Himachal updateSirmour Newssirmour news today

Join WhatsApp

Join Now