Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Death Certificate Fraud: 85 लाख की इंश्योरेंस पॉलिसी के पैसों के लिए बनवाया पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, 3 आरोपी गिरफ्तार..!

Published on: 15 March 2025
Death Certificate Fraud: 85 लाख की इंश्योरेंस पॉलिसी के पैसों के लिए बनवाया पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, 3 आरोपी गिरफ्तार..!

Death Certificate Fraud Case: सोलन नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें एक महिला की फर्जी मृत्यु दर्ज कर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें महिला के पति विशाल गोयल, सुरेश शर्मा और नगर निगम कर्मचारी धर्मपाल शामिल हैं।

जानिए क्या था मामला

दरअसल, पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज शिकायत के अनुसार, 07 जनवरी 2025 को नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु शाखा में मोनिका गोयल पत्नी विशाल गोयल के नाम से एक फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का प्रयास किया गया था। दिनांक 06 फरवरी 2025 को बिमला वर्मा, रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु, नगर निगम सोलन ने पुलिस थाना सदर सोलन में एक शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2025 को जन्म एवं मृत्यु शाखा में मोनिका गोयल (पत्नी विशाल गोयल) के नाम से फॉर्म नंबर 02 पर मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई। इस फॉर्म पर सुरेश शर्मा और गगन के नाम व मोबाइल नंबर लिखे थे, साथ ही नगर निगम कर्मचारी धर्मपाल के हस्ताक्षर भी थे। यह फॉर्म धर्मपाल द्वारा ही कार्यालय में जमा करवाया गया था।

दिनांक 14 जनवरी 2025 को इस फॉर्म के आधार पर मोनिका गोयल की मृत्यु का पंजीकरण कर दिया गया। इसके बाद, दिनांक 15 जनवरी 2025 को विशाल गोयल ने मोनिका गोयल का मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया, जिस पर उन्हें मृत्यु प्रमाण पत्र की 5 प्रतियां जारी की गईं।

हालांकि, दिनांक 01 फरवरी 2025 को मोनिका गोयल ने स्वयं नगर निगम कार्यालय में आवेदन दिया और बताया कि उनके नाम पर दिनांक 05 जनवरी 2025 को चंबाघाट श्मशान घाट में गलत तरीके से अंतिम संस्कार दिखाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ और सकुशल हैं तथा यह मृत्यु प्रमाण पत्र रद्द किया जाए।

Death Certificate Fraud Case की जांच में खुलासा

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की और नगर निगम के रिकॉर्ड की जांच की। जांच में पाया गया कि मृत्यु प्रमाण पत्र पूरी तरह से फर्जी था। विशाल गोयल, जो 2014 से 2016 तक सोलन में अपनी पत्नी के साथ रहा था, ने इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। इस मामले में मुकदमे के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था और अपना फ़ोन स्विच ऑफ कर रखा था।

जांच में यह भी पता चला कि विशाल गोयल की पत्नी मोनिका गोयल के नाम पर ICICI बैंक और बजाज फाइनेंस से 85 लाख रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसीज हैं। विशाल गोयल को पैसों की जरूरत थी, और उसे पता चला कि सोलन में आसानी से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जा सकते हैं।

इसके बाद, उसने सुरेश शर्मा नामक व्यक्ति से संपर्क किया, जो कमीशन के बदले फर्जी दस्तावेज बनाने का काम करता है। विशाल ने सुरेश को मोनिका का पुराना आधार कार्ड और राशन कार्ड दिया, जिसके आधार पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया गया।

Death Certificate Fraud Case में आरोपियों की गिरफ्तारी

दिनांक 14 मार्च 2025 को पुलिस ने विशाल गोयल को जीरकपुर, मोहाली से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इसके बाद, पुलिस ने दिनांक 14 मार्च 2025 को ही सुरेश शर्मा और नगर निगम कर्मचारी धर्मपाल को भी गिरफ्तार किया। सुरेश शर्मा सिरमौर जिले के निवासी हैं, जबकि धर्मपाल सोलन के रहने वाले हैं।

पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। दिनांक 15 मार्च 2025 को सुरेश शर्मा और धर्मपाल को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, और जांच जारी है। मामले की पुष्टि एसपी गौरव सिंह ने की है।

Solan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan samachar

Join WhatsApp

Join Now