Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Glowing Skin Secrets: चेहरा धोने के लिए इस्तेमाल करें ये घरेलू उत्पाद, खिल जाएगी आपकी त्वचा, जाने शहनाज़ हुसैन के खास ब्यूटी टिप्स

Natural Face Wash at Home: महंगे और केमिकल युक्त उत्पादों को कहें अलविदा! ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन से जानें कैसे घरेलू हर्बल उत्पादों के इस्तेमाल से आप पा सकते हैं दाग-धब्बे रहित और चमकदार त्वचा। बिना किसी साइड इफ़ेक्ट के चेहरा चमकाने के आसान और असरदार तरीके यहाँ पढ़ें।
Published on: 20 March 2026
Glowing Skin Secrets: चेहरा धोने के लिए इस्तेमाल करें ये घरेलू उत्पाद, खिल जाएगी आपकी त्वचा, जाने शहनाज़ हुसैन के खास ब्यूटी टिप्स

Glowing Skin Secrets: चेहरा धोने के लिए हम अक्सर नामी कंपनियों के महंगे उत्पादों पर भरोसा करते हैं। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लुभावने विज्ञापनों के जाल में फंसकर हम ऐसे उत्पाद खरीद लेते हैं जिनमें हानिकारक केमिकल्स होते हैं।

इनके उपयोग से चेहरे पर दाग-धब्बे और कुछ मामलों में कील-मुहांसे उभर आते हैं, जिससे चेहरा बेजान दिखने लगता है और हम तनाव में आ जाते हैं। मेरा यह मानना है कि यदि हम चेहरा धोने के लिए घरेलू हर्बल उत्पादों का उपयोग करें, तो इसके परिणाम कहीं बेहतर होंगे और जेब पर भी कोई बोझ नहीं पड़ेगा।

1. दूध का उपयोग
हल्दी-दूध फेस पैक: इसे बनाने के लिए आधा छोटा चम्मच हल्दी में दो चम्मच कच्चा दूध मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर करीब आधा घंटा छोड़ दें और सूखने के बाद हल्के हाथों से रगड़ते हुए ताजे पानी से धो लें। बेहतर परिणाम के लिए इस पैक को हफ्ते में दो से तीन बार लगाएं।

क्लींजिंग: कच्चे दूध को कॉटन पैड की मदद से चेहरे पर लगाएं और पांच मिनट तक मसाज करें। इसके बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें। कच्चा दूध कील-मुहांसों को हटाने में मददगार साबित होता है और इसके नियमित इस्तेमाल से त्वचा कोमल और मुलायम हो जाती है।

2. दही का जादू
दही त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद है, जिसे आप किसी भी समय लगा सकते हैं। सुबह दही लगाने से त्वचा दिनभर फ्रेश रहती है, जबकि रात में लगाने से धूल-मिट्टी और गंदगी आसानी से निकल जाती है।

दही-बेसन पैक: पुराने समय से ही दही, बेसन और हल्दी का मिश्रण उपयोग किया जा रहा है। दो चम्मच दही में दो चम्मच बेसन और चुटकी भर हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर लगाएं और 20-25 मिनट बाद सादे पानी से धो लें। यह पेस्ट सभी तरह की स्किन के लिए उपयुक्त है; दही त्वचा को नमी देती है और बेसन अतिरिक्त तेल को सोखने में मदद करता है।

3. एलोवेरा जेल से निखार
एलोवेरा जेल या जूस को त्वचा पर सीधे लगाया जा सकता है। घर के पौधे से जेल निकालते समय स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें और पत्तियों को अच्छी तरह धो लें। एलोवेरा जूस या जेल को प्रतिदिन 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर ताजे पानी से धोने से त्वचा की आर्द्रता बनी रहती है। इसका नियमित सेवन और बाहरी प्रयोग त्वचा के यौवन को बरकरार रखता है।

नाइट केयर: त्वचा में नमी बनाए रखने के लिए एक कटोरी में दो चम्मच एलोवेरा जेल और दो चम्मच बादाम तेल मिलाकर सोने से पहले चेहरे पर लगाएं। गर्मियों में यह विशेष रूप से लाभकारी है क्योंकि यह सूर्य की गर्मी से प्रभावित त्वचा को राहत देता है और बिना तैलीय बनाए नमी को सुरक्षित रखता है।

4. शहद से प्राकृतिक चमक
शहद का इस्तेमाल मास्क से लेकर नेचुरल मॉइश्चराइजर के रूप में किया जा सकता है। यह त्वचा को कोमल, स्वस्थ और आकर्षक बनाए रखता है।

दूध और शहद: दो-तीन चम्मच कच्चे दूध में उतनी ही मात्रा में शहद मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इसे चेहरे, गर्दन और शरीर के खुले हिस्सों पर सर्कुलर मोशन में मालिश करते हुए लगाएं और आधे घंटे बाद धो लें।

शुष्क त्वचा के लिए: यदि आपकी त्वचा शुष्क है, तो एक चम्मच दही में आधा चम्मच शहद मिलाकर 10-15 मिनट मालिश करें। आप केवल शहद का उपयोग भी कर सकती हैं; इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाने से प्राकृतिक चमक बढ़ जाती है। शहद से बना मास्क हर प्रकार की त्वचा को गहराई से पोषण प्रदान करता है।

लेखिका: अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौन्दर्य विशेषज्ञ हैं और ‘हर्बल क्वीन’ के रूप में लोकप्रिय हैं।

Aaj Ki Khabrendaily lifestyle guidefashion tips Indiahealthy living Indiahome decor ideasLifestyle lifestyle tips Hindimodern lifestyle IndiaShahnaz Husain Tips

Join WhatsApp

Join Now