Chamba News Today: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के तीसा पुलिस थाने में साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी दो युवकों, मोहर सिंह और नरेश कुमार पर एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इन दोनों आरोपियों ने उनकी पत्नी की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर डाल दी हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी अब उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं कि वे महिला की और भी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। शिकायत मिलते ही तीसा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस घटना की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही, प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करें। अगर किसी के भी साथ इस तरह का उत्पीड़न या साइबर क्राइम होता है, तो बिना डरे तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

















