Kangra Doctor Digital Arrest Scam: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में साइबर ठगों ने एक डॉक्टर के साथ बड़ी धोखाधड़ी की है। ठगों ने डॉक्टर को फर्जी आपराधिक केस में नामजड़ने की धमकी देकर तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और 36 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, नवंबर 2025 में ठगों ने डॉक्टर से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डॉक्टर को गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी दी। मानसिक दबाव बनाकर लगातार तीन दिन तक वीडियो कॉल और कॉल पर डॉक्टर को डराते रहे। ठगों ने कहा कि नाम हटाने और केस से बचाने के लिए मोटी रकम ट्रांसफर करनी होगी।
डर और दबाव में आकर डॉक्टर ने दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 36 लाख रुपये ठगों के दिए गए खातों में भेज दिए। ठगों ने पैसे लेने के बाद संपर्क बंद कर दिया। दो महीने बाद जनवरी 2026 में जब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज कराई।
कांगड़ा पुलिस ने बताया कि 2026 के पहले दो महीनों में ही जिले में साइबर ठगी के चार मामले सामने आए हैं, जिनमें कुल 2.21 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। ज्यादातर मामले फर्जी निवेश योजनाओं और डिजिटल अरेस्ट के तरीके से किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ठग अब वीडियो कॉल और फोन के जरिए लोगों को डराकर पैसे ऐंठ रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, वीडियो कॉल या लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है ताकि ऐसे ठगों का नेटवर्क तोड़ा जा सके।


















