साइड स्क्रोल मेनू

Rakhi Beauty Tips: रक्षाबंधन 2025-9 अगस्त को मनाया जाएगा त्योहार, शहनाज हुसैन ने साझा किए सौंदर्य टिप्स

Rakhi Beauty Tips: रक्षाबंधन 2025-9 अगस्त को मनाया जाएगा त्योहार, शहनाज हुसैन ने साझा किए सौंदर्य टिप्स
Preferred_source_publisher_button.width-500.format-webp

Rakhi Beauty Tips: रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन पर्व के रूप में मनाया जाता है।वैदिक पंचांग के अनुसार, सावन पूर्णिमा की तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 12 मिनट से शुरू होगी और अगले दिन यानी 9 अगस्त को सुबह 1 बजकर 24 मिनट पर समाप्त होगी। इस तरह 9 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा।

भाई-बहन के रिश्ते पर आधारित इस खुशी के त्योहार को ज्यादातर उमस भरे बरसात के मौसम में मनाया जाता है। भाई-बहन के अटूट प्यार और समर्पण के अद्भुत त्योहार में बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना करती हैं, जबकि भाई उन्हें पूरी सुरक्षा का वचन देते हैं। इस दिन को खास बनाने के लिए जहां भाई नए अंदाज में नजर आते हैं, वहीं बहनें खूबसूरत दिखने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहतीं।

Rakhi Beauty Tips

इस पवित्र दिन में आकर्षक और सम्मोहक दिखने के लिए आप चटकीले रंगों जैसे रॉयल ब्लू, लाल, गुलाबी या मैरून के परिधान या सादा लिबास दोनों ही पहन सकती हैं, लेकिन मौसम को ध्यान में रखते हुए ग्लैमरस या स्टाइलिश लुक पाने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों की मदद लेनी होगी।

बरसात के मौसम में मनाए जाने वाले इस त्योहार में चमकती और आभा-मान त्वचा पाने के लिए आपको त्योहार से एक सप्ताह पहले तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए। बरसात के गर्म और आर्द्र वातावरण में त्वचा को रंगत और ताजगी प्रदान करने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों से आप त्योहार में आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं।

तरबूज का जूस त्वचा की रंगत और ताजगी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। तरबूज के जूस से त्वचा के रूखेपन को भी रोका जा सकता है। यह त्वचा में कोमलता और प्राकृतिक चमक प्रदान करता है। तरबूज के जूस को चेहरे पर लगाकर 20 मिनट बाद ताजे और साफ पानी से धो डालें।

फ्रूट मास्क:

केला, सेब, पपीता और संतरे को मिलाकर इस मिश्रण को आधा घंटा तक चेहरे पर लगाकर ताजे ठंडे पानी से धो डालें। यह त्वचा को ठंडक प्रदान करता है, मृत कोशिकाओं को साफ करता है और त्वचा पर काले धब्बों को दूर करता है।

इसे भी पढ़ें:  Valentine Day 2025 Gifts: इन बेहतरीन गैजेट्स से पार्टनर को करें खुश!

ककड़ी मास्क:

ककड़ी के जूस में दो चम्मच पाउडर दूध और अंडे का सफेद भाग मिलाकर मिश्रण बनाएं। इस पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर आधा घंटा तक लगाकर बाद में ताजे और साफ पानी से धो डालें।

तैलीय त्वचा के लिए मास्क:

एक चम्मच मल्टी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर आधा घंटा बाद चेहरे को साफ पानी से धो डालें।

फेस मास्क लगाने के बाद दो कॉटनवूल पैड्स को गुलाब जल में भिगोएं और इन्हें आंखों पर पैड की तरह उपयोग करें। कॉटनवूल पैड से गुलाब जल को निचोड़ कर इसे बंद पलकों पर रखकर लेट जाएं और आराम करें। इस्तेमाल किए गए टी-बैग भी सौंदर्य में चार चांद लगा सकते हैं। प्रयोग किए गए टी-बैग को गुनगुने पानी में भिगोकर पानी को निचोड़ लें और बाद में इन्हें आंखों पर पैड की तरह उपयोग करें।

खुरदरे, उलझे और घुंघराले बालों को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए क्रीमी हेयर कंडीशनर में साफ पानी मिलाकर इसे स्प्रे बोतल में डाल दें। इस मिश्रण को बालों पर छिड़कने के बाद बालों को कंघी कर लें ताकि यह बालों पर पूरी तरह फैल जाए। बाद में एक घंटे बाद बालों को ताजे और साफ पानी से धो डालें।

रक्षाबंधन का त्योहार दिन में मनाया जाता है। दिन के समय का सौंदर्य हल्का और सावधानी से किया जाना चाहिए। यदि आपकी त्वचा साफ है तो फाउंडेशन से परहेज करें। त्वचा को साफ करने के बाद त्वचा पर मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन लगाने के बाद पाउडर लगाएं। बेबी पाउडर जैसा साफ और निर्मल पाउडर इसमें ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है।

तैलीय त्वचा के लिए मॉइश्चराइजर की जगह एस्ट्रिंजेंट लोशन का उपयोग करें और इसके बाद कॉम्पैक्ट पाउडर लगाएं। चेहरे के नाक, माथे और ठुड्डी जैसे तैलीय भागों की तरफ विशेष ध्यान दें। इस पाउडर को हल्की गीली स्पंज से चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इससे पाउडर लंबे समय तक टिका रहता है।यदि आप ब्लशर का प्रयोग करना चाहती हैं तो इसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें।

इसे भी पढ़ें:  Holi 2025 : जानिए! होली के दौरान कैसे करे बालों तथा त्वचा की देखभाल..

आंखों की सुंदरता के लिए दिन में आई पेंसिल का उपयोग काफी होगा। आप अपनी आंखों की पलकों को भूरे और स्लेटी आई शैडो से भी लाइन कर सकती हैं। इससे काफी सौम्य प्रभाव दिखेगा। इसके बाद मस्कारा का एक कोट लगाने से आंखों में चमक आ जाएगी। लिपस्टिक के लिए गहरे भूरे रंग के उपयोग से परहेज करें। आप हल्का गुलाबी, हल्के बैंगनी, हल्के भूरे, कांस्य या तांबे के रंग की लिपस्टिक का उपयोग कर सकती हैं।

लिपस्टिक के रंग बहुत तेज, गहरे या चमकीले नहीं होने चाहिए। पहले अपने होंठों को लिपस्टिक से आउटलाइन करें और उसके बाद उसी रंग की लिपस्टिक होंठों पर लगाएं। होंठों पर लिपस्टिक ब्रश की मदद से रंगों को भरें।रक्षाबंधन जैसे विशेष त्योहारों के लिए आप आकर्षक हेयर स्टाइल अपना सकती हैं। आप अपने बालों को फैन्सी हेयर क्लिप या आकर्षक रिबन से बांध सकती हैं। बालों में फूल जड़ने से आपके व्यक्तित्व में आकर्षण पैदा हो सकता है।

घुंघराले, लंबे और उछालदार बालों को त्योहारों में एक विशेष फैशन देखने को मिलता है। बालों के निचले हिस्से को मुलायम बनाकर इन्हें घुंघराले बनाएं। बालों की परंपरागत चोटी भी इस पावन त्योहार में चार चांद लगाती है। चोटी लगभग सभी चेहरों पर आकर्षक लगती है और कुछ चेहरों पर लंबी, जबकि कुछ पर छोटी घुमावदार चोटी खूबसूरती को बढ़ाती है।चोटी को रिबन से बांधने से इसका आकर्षण बढ़ जाता है। लंबे चेहरे के लिए छोटी चोटी रखें।

लेखिका अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और हर्बल क्वीन के नाम से लोकप्रिय हैं।

Join WhatsApp

Join Now