Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Mandi News: मंडी में फिर से बारिश का कहर, तीन की मौत, एक लापता, NDRF ने संभाला मोर्चा..!

Mandi News: मंडी में फिर से बारिश का कहर, तीन की मौत, एक लापता, NDRF ने संभाला मोर्चा

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में बीती रात प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया। पिछले 12 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटना ने शहर को हिलाकर रख दिया। जेल रोड, पैलेस कॉलोनी, सैन मोहल्ला और जोन अस्पताल जैसे इलाकों में फ्लैश फ्लड ने तबाही मचाई, जिसमें अब तक तीन लोगों की जान चली गई और एक महिला लापता है। एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन मलबे और पानी के बीच लोगों का दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा।

पूर्व पार्षद के परिवार पर टूटी आफत

जानकारी के अनुसार जेल रोड पर पूर्व पार्षद कृष्णा के परिवार पर यह आपदा भारी पड़ी। सुबह तड़के करीब चार बजे उनके घर के पास नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। परिवार ने अपनी कार और ऑटो को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में उनका बेटा, पोता और बहू तेज बहाव में बह गए। बेटे और पोते के शव तो बरामद कर लिए गए, लेकिन बहू की तलाश अब भी जारी है। एक अन्य शव भी मिला है, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। सौभाग्य से, पूर्व पार्षद के बड़े बेटे को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू कर लिया। इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

मंडी फ्लैश फ्लड 50 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दबी

मंडी के डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि जेल रोड से जोन अस्पताल तक 11 किलोमीटर का इलाका फ्लैश फ्लड की चपेट में है। इस आपदा में 50 से ज्यादा गाड़ियां या तो मलबे में दब गईं या बह गईं। कई घरों में पानी और मलबा घुस गया, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक परिवार को मलबे से भरे घर की खिड़की तोड़कर निकाला गया, जिसमें एक महिला और उसके बच्चे शामिल थे।

धर्मपुर में भी बाढ़ का कहर

मंडी के धर्मपुर उपमंडल में भी हालात गंभीर हैं। यहां पीडब्ल्यूडी दफ्तर के पास रात को नाले में बाढ़ आ गई, जिससे नाइट ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी फंस गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित निकाला। इसके अलावा, सड़क के ऊपर पहाड़ी से हुए लैंडस्लाइड ने दफ्तर की बिल्डिंग को भी अपनी चपेट में ले लिया। मलबे ने इमारत को भारी नुकसान पहुंचाया।

एनडीआरएफ की टीमें सक्रिय

फ्लैश फ्लड की घटना के बाद बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें जुटी हैं। डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि प्रशासन और राहत टीमें प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं। हालांकि, लगातार बारिश और मलबे ने राहत कार्यों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों में दहशत

मंडी शहर के लोग इस आपदा से सहमे हुए हैं। बारिश और फ्लैश फ्लड ने न केवल लोगों की जान ली, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को भी ठप कर दिया। सड़कों पर मलबा, घरों में पानी और गाड़ियों का नुकसान इस आपदा की भयावहता को बयां कर रहा है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदियों-नालों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मंडी के लोग इस मुश्किल घड़ी में एक-दूसरे का साथ दे रहे हैं, लेकिन प्रकृति की मार ने सबको झकझोर कर रख दिया है।

Kullu Dussehra 2026 Celebration Kullu Dussehra 2026 Celebration
Mandi Himachal updateMandi HP newsmandi latest newsMandi NewsMandi News TodayMandi samachar

Join WhatsApp

Join Now