Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Solan News: सोलन पुलिस की नशा माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी से जोड़ी 60 लाख की अवैध संपत्ति जब्त..!

Solan News: सोलन पुलिस की नशा माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी से जोड़ी 60 लाख की अवैध संपत्ति जब्त..!

Solan News: जिला सोलन पुलिस ने नशे के धंधे के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति जब्त की, जिसमें मकान, प्लॉट, लग्जरी वाहन और बैंक खातों में जमा नकदी शामिल है।

यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब 2 अप्रैल 2025 को पुलिस थाना सदर सोलन की टीम गश्त के दौरान सोलन शहर में मौजूद थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने केएफसी के पास दो युवकों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इनमें एक युवक ने हरियाणा पुलिस की खाकी वर्दी पहन रखी थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार (40), हरियाणा पुलिस का हेड कांस्टेबल, और मोहित (21), दोनों निवासी कैथल, हरियाणा के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से 157 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपी प्रदीप कुमार वर्दी का दुरुपयोग करते हुए हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करता था ताकि किसी को शक न हो। ये दोनों पहले शिमला जिले के नारकंडा में चिट्टा बेचने गए थे, पर रेट तय न होने के कारण सोलन पहुंचे।

पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान तस्करी की जड़ तक पहुंचते हुए इस नेटवर्क के मुख्य सरगना सोनू (30) निवासी कलायत, जिला कैथल, हरियाणा को भी भिवानी, हरियाणा से गिरफ्तार किया। सोनू लंबे समय से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में चिट्टा सप्लाई कर रहा था। उसके कब्जे से एक टाटा नेक्सॉन गाड़ी भी जब्त की गई।

फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन में खुलासा हुआ कि सोनू ने नशे की कमाई से अपनी और अपनी मां के नाम पर रिहायशी मकान का नवीनीकरण, दो रेजिडेंशियल प्लॉट, लग्जरी गाड़ी, बीमा पॉलिसियां और नकदी जमा कर रखी थी। उसकी कोई वैध आय का स्रोत नहीं था, फिर भी वह आलीशान जिंदगी जी रहा था। इसी आधार पर उसकी सारी चल-अचल संपत्ति जब्त कर ली गई है।

सोलन पुलिस की कार्रवाई का दायरा यहीं तक सीमित नहीं रहा। पिछले 10 महीनों में 09 मामलों में 30 आरोपियों की कुल 8.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। इनमें बाहरी राज्यों में मौजूद आलीशान होटल, प्लॉट, लग्जरी गाड़ियां और बड़ी नकदी शामिल हैं।

जिला सोलन पुलिस द्वारा पिछले 2 वर्षों में नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया गया है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 189 मुकदमे दर्ज कर 403 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 136 से ज्यादा आरोपी बाहरी राज्यों के बड़े तस्कर निकले, जिनमें 9 नाइजीरियन नागरिक भी शामिल हैं।

इन कार्रवाइयों में 57 बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क ध्वस्त किए गए, जिससे हजारों युवाओं तक चिट्टा की सप्लाई रुक गई। पुलिस ने नशे की डिमांड और सप्लाई साइड पर एकसाथ प्रहार किया है।

इसके अलावा बार-बार जमानत पर छूटकर फिर से तस्करी में लिप्त रहने वाले कुख्यात तस्करों के खिलाफ PIT NDPS Act, 1988 के तहत निवारक हिरासत की कार्यवाही भी की गई है। इसी में 6 आदतन अपराधियों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है, ताकि वे फिर से नेटवर्क खड़ा न कर सकें।

जिला पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे तस्करों की संपत्ति जब्त कर उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर किया जाएगा। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करी करने वालों के लिए हिमाचल की धरती पर कोई जगह नहीं है।

Solan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan PoliceSolan samachar

Join WhatsApp

Join Now