Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

गोवा की साध्वी सतीश सैल ने जीता Miss India 2026 का ताज, जानें कौन हैं नई ब्यूटी क्वीन

Femina Miss India 2026: 61वें फेमिना मिस इंडिया पेजेंट के ग्रैंड फिनाले में गोवा की साध्वी सतीश सैल ने 'मिस इंडिया वर्ल्ड 2026' का खिताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने देशभर की अन्य प्रतिभागियों को पछाड़कर यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया है।
Published on: 19 April 2026
Miss India 2026 Winner Sadhvi Satish Sail

Miss India 2026 Winner Sadhvi Satish Sail Profile: ओडिशा के भुवनेश्वर में शनिवार को आयोजित हुए 61वें फेमिना मिस इंडिया पेजेंट का ग्रैंड फिनाले बेहद रोमांचक रहा। इस प्रतियोगिता में गोवा की साध्वी सतीश सैल को ‘मिस इंडिया वर्ल्ड 2026’ के ताज से नवाजा गया। साध्वी ने न केवल अपनी सुंदरता, बल्कि अपनी बौद्धिक क्षमता और आत्मविश्वास से जजों को प्रभावित किया। वर्ष 2024 की मिस इंडिया विजेता निकिता पोरवाल ने उन्हें यह ताज पहनाया।

प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की राजनंदिनी पवार ने कड़ा मुकाबला पेश किया। राजनंदिनी इस पेजेंट में फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके साथ ही, जम्मू-कश्मीर की श्री अद्वैता ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। इस ग्रैंड फिनाले में देश के अलग-अलग राज्यों से आईं युवतियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा रहा।

कौन है Miss India 2026 Winner Sadhvi Satish Sail
अब बात करते हैं नई मिस इंडिया साध्वी सतीश सैल की। गोवा की रहने वाली साध्वी न केवल एक उभरती हुई मॉडल हैं, बल्कि वे एक सफल एंटरप्रेन्योर भी हैं। मॉडलिंग की दुनिया में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। साध्वी ने कई बड़े फैशन शोज में रैंप वॉक किया है और वे ‘कैलिफ़ोर्निया बुरिटो’ जैसे लोकप्रिय कैंपेन का भी चेहरा रह चुकी हैं।

साध्वी की पहचान केवल ग्लैमर की दुनिया तक सीमित नहीं है। वे एक व्यावसायिक दृष्टिकोण भी रखती हैं। उन्होंने कंस्ट्रक्शन और डेवलपमेंट के क्षेत्र में एक कंपनी की सह-स्थापना भी की है, जो उनके बहुमुखी व्यक्तित्व को दर्शाता है। मॉडलिंग और बिजनेस का यह संतुलन उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग खड़ा करता है।

अपनी जीत के बाद एएनआई से बातचीत करते हुए साध्वी ने कहा कि यह पल उनके लिए अवास्तविक लग रहा है। उन्होंने इस अवसर को प्राप्त करने के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह पल अभी बहुत ही अवास्तविक लग रहा है। मैं बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं कि मुझे यह मौका मिला।”

प्रतियोगिता के दौरान के अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने अपनी साथी प्रतिभागियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पेजेंट के दौरान सभी प्रतिभागियों के बीच एक मजबूत रिश्ता बना था। साध्वी ने कहा, “मेरे लिए मेरी सारी सखियां आज विनर्स हैं। यह सफर साथ मिलकर आगे बढ़ने और दोस्ती बनाने का था। हम सब यही चाहते हैं कि भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करें।”

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी के बारे में पूछे जाने पर साध्वी ने उत्साह और गंभीरता दोनों दिखाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस सफर को ईमानदारी, सच्चाई और दया के भाव के साथ आगे बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि यह तो अभी बस शुरुआत है और आगे का सफर काफी लंबा है। अंत में, उन्होंने पूरे देश के लोगों से इस नई यात्रा के लिए अपना आशीर्वाद और समर्थन देने की अपील की।

daily news Indialatest hindi newsnewsnews update todaysamachar todaytoday news Hinditop headlines today

Join WhatsApp

Join Now