Prajasatta Side Scroll Menu

Navratri Beauty Tips: नवरात्रों में तरोताज़ा और सुंदर दिखने के लिए आपनाएं शहनाज़ हुसैन के ये नुस्खे

Navratri Beauty Tips: नवरात्रों में सुंदर दिखने के लिए अपनाएँ शहनाज हुसैन के ये सौंदर्य टिप्स

Navratri Beauty Tips: देश में त्योहारों का सीज़न शुरू होने वाला है। नवरात्रों से पावन त्योहारों की शुरुआत मानी जाती है और नवरात्रे कुछ ही दिन बाद शुरू होने वाले हैं। नवरात्रों के बाद दशहरा, धनतेरस, दिवाली, करवा चौथ, भाई दूज, छठ पूजा सहित अनेक त्योहार मनाए जाएँगे।

नवरात्रों के दौरान महिलाओं को डांडिया, गरबा डांस, दुर्गा पूजा पंडालों सहित अनेक सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों में परिवार सहित शिरकत करनी पड़ती है, जहाँ काफी संख्या में जान-पहचान के लोग/रिश्तेदार इकट्ठा होते हैं। इन पवित्र मौकों पर महिलाएँ भक्तिमय मस्ती, जोश, उमंग से परिपूर्ण अपने सबसे सुंदर और आकर्षक व्यक्तित्व में दिखना चाहेंगी। तो जाहिर है कि इन त्योहारों की धूम के बीच महिलाएँ सबसे खूबसूरत दिखना पसंद करती हैं।

नवरात्रों में मौसम तेज़ी से करवट लेता है और इस मौसम में ठंड तेज़ी से बढ़ना शुरू हो जाती है। ऐसे में वातावरण में तापमान गिरने से नमी में कमी आ जाती है और त्वचा से जुड़ी अनेक सौंदर्य समस्याएँ खड़ी हो जाती हैं। नवरात्रों में ज्यादातर महिलाएँ व्रत रखती हैं तथा अपनी व्यस्तताओं की वजह से सही समय पर उचित फलाहार आदि नहीं ले पातीं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ता है और चेहरा बुझा-बुझा सा दिखने लगता है।

लेकिन अगर आप अपनी सभी व्यस्तताओं को निभाते हुए भी अपनी आभा और आकर्षण बरकरार रखना चाहती हैं, तो आपको कुछ घरेलू उपाय करने होंगे। हमेशा यह ध्यान रखें कि अगर आपका उत्सव खुले में आयोजित किया जा रहा है, तो मात्र बेसिक मेकअप तक ही सीमित रहें तथा हल्के मेकअप पर भरोसा करें, क्योंकि ज़्यादा मेकअप गर्मी/उमस या मौसम की मार से पिघलकर फैल जाएगा और आपका मूड खराब हो सकता है, जिससे आप उत्सव का पूरा आनंद नहीं उठा पाएँगी।

उत्सव में खुले में शिरकत करने जाती बार आप प्राइमर, फाउंडेशन या कंसीलर, आई मेकअप तथा सामान्य लिपस्टिक तक सीमित रखें, जिससे आपका मेकअप खराब न हो और आप उत्सव का भरपूर आनंद उठा सकें।

नवरात्रों के पावन त्योहार में अगर आप किसी पार्टी/उत्सव या गरबा डांस में जा रही हैं, तो केवल वाटरप्रूफ मेकअप पर केंद्रित रहें। वातावरण में गर्मी तथा डांस से शरीर के तापमान में बढ़ोतरी से आपका मेकअप खराब हो सकता है। वाटरप्रूफ मेकअप से आईलाइनर, लिपस्टिक, फाउंडेशन बरकरार रहेगा और आप उत्सव का आनंद उठा सकेंगी।

इसे भी पढ़ें:  Shahnaz Hussain Beauty Tips: बिना मेकअप के प्राकृतिक सुंदरता पाने के आसान उपाय..!

अगर आप पारंपरिक स्कर्ट के साथ बैकलेस ब्लाउज़/चोली पहनकर किसी उत्सव, गरबा या डांडिया में जा रही हैं, तो अपनी पीठ पर वैक्स या पॉलिश करवाना कभी न भूलें। लेकिन पीठ पर वैक्स या पॉलिश उत्सव से कुछ दिन पहले करवा लें, ताकि अगर किसी तरह के फोड़े, फुंसी आदि की समस्या आए, तो उसका समय रहते उपचार कर लिया जाए।

आप उत्सव, गरबा या डांडिया में नाचने जा रही हैं या महज़ दर्शक बनकर आनंद उठाना चाहती हैं, लेकिन दोनों ही मामलों में हल्के फाउंडेशन का उपयोग करें, क्योंकि आपको पसीना आते ही भारी फाउंडेशन पिघलना शुरू हो जाएगा और आपका मज़ा किरकिरा हो जाएगा।

यदि आप हर रात गरबा डांस एंजॉय करना चाहती हैं, तो आपको अपनी आँखों पर विशेष ध्यान देने की ज़रूरत है, ताकि आपकी आँखों में सूजन/पफीनेस न आए। आँखों की सुंदरता के लिए प्रतिदिन आठ-दस घंटे की नींद ज़रूर सुनिश्चित करें।

अपने चेहरे या त्वचा पर मेकअप लगाने से पहले कुछ सावधानियाँ बरतेंगी, तो आपका मेकअप आपकी त्वचा के अनुरूप आपके सौंदर्य को निखारने में अहम भूमिका निभाएगा, जिससे आप सभी नौ नवरात्रों में खिली-खिली नज़र आएँगी। त्वचा की टोनिंग, क्लीनज़िंग प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अच्छी टोनिंग से त्वचा पर जमे तैलीय पदार्थ, गंदगी, अवशेष आदि को हटाने में मदद मिलती है, जिससे त्वचा को कोमल, पोषित, नमीयुक्त रखा जा सकता है तथा त्वचा का पीएच संतुलन बरकरार रहता है।

अपने चेहरे की सुंदरता के साथ-साथ अपने हाथों के नाखूनों और पाँवों पर ज़रूर ध्यान दें। नवरात्र शुरू होने से पहले मैनीक्योर व पेडीक्योर ज़रूर करवा लें। अगर किसी वजह से आप सैलून जाने से कतरा रही हैं, तो घर बैठे ही नींबू के रस और चीनी के मिश्रण से अपने हाथों, पाँवों और टाँगों की रगड़कर मालिश कर लें।

त्योहारों की दौड़-धूप के बीच पर्याप्त पानी, जूस या सूप लेना ज़रूर याद रखें, क्योंकि गहमागहमी के बीच आपके शरीर में नमी की कमी हो सकती है, जिससे आपकी त्वचा शुष्क हो सकती है और आप थकी-थकी सी दिखने लगेंगी। डांडिया डांस में त्वचा की चमक बरकरार रखने में पर्याप्त तरल पदार्थ/लिक्विड बहुत ज़रूरी होता है। नारियल पानी, नींबू पानी, ताज़ा पानी, ताज़ा जूस आपको तरोताज़ा रखेगा, जिससे आपको थकावट महसूस नहीं होगी और आपकी त्वचा प्राकृतिक तौर पर खिली रहेगी। आप अपने साथ कंसन्ट्रेटेड नींबू जूस, चीनी, काला नमक और काली मिर्च पाउडर रखें तथा ब्रेक के दौरान इसमें अपने स्वाद के अनुरूप पानी मिलाकर चुस्की लगाकर आहिस्ता-आहिस्ता पी लें। इससे आपके शरीर में नियमित ऊर्जा का संचार होगा तथा आपका स्वास्थ्य और आपका मूड दोनों ही जोश/उत्साह से परिपूर्ण रहेंगे।

इसे भी पढ़ें:  Hair Care Tips: प्रदूषण में बालों की देखभाल के लिए अपनाए शहनाज़ हुसैन के ये सुझाव..!

पाँव आपके जीवन का आधार होते हैं। गरबा में जब आप दिल खोलकर नाचेंगी, तो इसमें आपके पाँवों की सेहत और मज़बूती दोनों ही बहुत ज़रूरी होती हैं। अगर आपको सभी नौ दिन डांस करना है या सामाजिक, धार्मिक उत्सवों में सक्रिय हिस्सेदारी करनी है, तो आप प्रतिदिन पाँवों पर ज़रूर ध्यान दें, अन्यथा कहीं आपके पाँव ही जवाब न दे जाएँ।

पाँवों में थकावट की वजह से होने वाली दर्द को कम करने और पाँवों को तरोताज़ा रखने के लिए रोज़ाना सोने से पहले पाँवों की मालिश बहुत ज़रूरी है।

आधे टब गर्म पानी में आधा कप बेकिंग सोडा, थोड़ा सा सेंधा नमक, एक कप एप्पल साइडर विनेगर तथा कुछ बूँदें लैवेंडर तेल डालकर अपने पाँवों को इस मिश्रण में कुछ देर तक टब में रहने दें। इसके बाद पाँवों को साफ कॉटन से साफ कर लें। इससे आपके पाँव तरोताज़ा, मुलायम और सुदृढ़ रहेंगे।

इस त्योहार के दौरान अपनी प्राकृतिक आभा एवं सौंदर्य बनाए रखने के लिए सबसे पहले अपनी त्वचा को साफ करें तथा उस पर तरल मॉइस्चराइज़र लगा लें। तैलीय त्वचा के लिए कॉटनवूल की मदद से चेहरे पर एस्ट्रिंजेंट लोशन लगा लें तथा कुछ मिनट तक इंतज़ार करने के बाद चेहरे के दाग-धब्बों को फाउंडेशन लगाने से पहले कंसीलर से ढक लें या धब्बों पर हल्के रंग का फाउंडेशन लगाएँ। इसके बाद पूरे चेहरे पर सामान्य फाउंडेशन का उपयोग करें। यदि आप कोई मुहाँसा या काला धब्बा कवर करना चाहते हैं, तो उसे फाउंडेशन के उपयोग से पहले ढक लें।

चेहरे पर फाउंडेशन लगाकर इसे गीले स्पंज से या उँगलियों की मदद से चेहरे तथा गर्दन पर पूरी तरह मिला लें। फाउंडेशन को स्थिर करने के लिए खुला पाउडर उपयोग में लाएँ। फाउंडेशन को मटमैले टोन से उपयोग करें, न कि गुलाबी टोन से। मेरी राय में भारतीय त्वचा पर मटमैला रंग काफी जँचता है। यदि आपकी त्वचा अत्यधिक गोरी है, तो गुलाबी रंगत वाली मटमैली टोन का उपयोग करें। यदि आपकी त्वचा निखरी है, लेकिन इसमें पीलापन है, तो उस दशा में गुलाबी रंगत वाली टोन का उपयोग न करें, बल्कि बिस्किट रंगत की टोन का उपयोग करें। साँवले रंग में भूरे रंग की टोन उपयुक्त है। मेरे विचार में ज्यादातर भारतीय त्वचा के रंग पीले की अपेक्षा मटमैले तथा बिस्किट फाउंडेशन में ज़्यादा आकर्षक दिखते हैं।

इसे भी पढ़ें:  Beauty Tips For Brides: शादी के दिन दमकने के लिए ये टिप्स हैं जरूरी..!

नवरात्रों के पावन त्योहारों में आप गोल्ड फाउंडेशन का उपयोग भी कर सकती हैं। इसे चेहरे पर लगाएँ तथा गीले स्पंज से पूरे चेहरे पर फैलाएँ, ताकि त्वचा को सुनहरी रंगत दी जा सके। जब भी आप मेकअप करें, तो उसे ज़रूरत से ज़्यादा न लीपें और न ही ज़्यादा रंगें। फाउंडेशन या ब्लशर को स्पर्श से उँगलियों के उपयोग से लगाना ही बेहतर होता है। इसे गीले स्पंज से भी हल्के तरीके से पूरे चेहरे पर लगाया जा सकता है।

गालों पर हल्के ब्लशर का प्रयोग किया जाना चाहिए। पाउडर ब्लशर का उपयोग आसानी से किया जा सकता है और उसे पाउडर लगाने के बाद प्रयोग करें। इसे गालों पर लगाने के बाद ऊपरी और निचली तरफ सहजता से धीरे-धीरे लगाएँ।

उसके बाद गालों पर हल्के रंग के हाइलाइटर का प्रयोग करें और इसे पूरी तरह त्वचा पर मिला लें।

रात में ब्लशर के रंगों का होंठों के रंगों के अनुरूप होना ज़रूरी नहीं है। यदि आपने नारंगी लिपस्टिक लगाई है, तो नारंगी ब्लशर का प्रयोग न करें। निखरी त्वचा के लिए गुलाबी और लाल ब्लशर का प्रयोग करें। यदि आपकी त्वचा में पीलापन है, तो नारंगी ब्लशर के उपयोग से परहेज़ करें। गेहुँए रंग की त्वचा के लिए गुलाबी, मूंगा, कांस्य रंग अत्यधिक लाभदायक हो सकते हैं, और साँवले रंग के लिए आलूबुखारा, गहरा लाल रंग और कांस्य रंग सबसे ज़्यादा उपयुक्त साबित होंगे।

रात को सोने से पहले अपना मेकअप/ज्वेलरी उतारना न भूलें। ज्वेलरी पर दिनभर की जमा धूल-मिट्टी को हटाने के लिए ज्वेलरी को धोकर साफ कपड़े से पोंछ दें, ताकि किसी एलर्जी से बचा जा सके। मेकअप को बेबी ऑयल की मदद से आहिस्ता से हटाएँ और प्रभावित त्वचा पर आइस मलें। त्वचा पर वर्जिन नारियल तेल की मालिश बहुत लाभदायक होगी।

लेखिका अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और हर्बल क्वीन के रूप में लोकप्रिय हैं।

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Aaj Ki Khabren beauty tips by shahnaz husain beauty tips in hindi daily lifestyle guide fashion tips India healthy living India home decor ideas Lifestyle lifestyle tips Hindi modern lifestyle India Shahnaz Husain Beauty Tips

Join WhatsApp

Join Now